केला खाने के शौकीन हैं तो जानिए सही समय, कब सबसे फायदेमंद होता है केला,  सुबह..खाली पेट या रात, जानिए क्या कहता है विज्ञान

 

केला पोटैशियम और विटामिन B6 से भरपूर एक बेहतरीन फल है। लेकिन इसे कब खाना चाहिए? खाली पेट या रात में? जानिए वैज्ञानिक नजरिए से केला खाने का सही समय और तरीका।

 
 

केला खाने का सही समय जानें

खाली पेट केला खाने के फायदे

केले से मिलती है इंस्टेंट एनर्जी

डायबिटीज मरीज रखें खास ध्यान

केला और दूध का सही कॉम्बिनेशन

केला हम सभी के खान-पान का एक बेहद आम और पसंदीदा हिस्सा है। कुछ लोग इसे सुबह नाश्ते में खाते हैं, कुछ वर्कआउट के बाद तो कुछ लोग रात में हल्की भूख मिटाने के लिए। लेकिन इसे लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें चलती रहती हैं। कोई कहता है कि खाली पेट केला नहीं खाना चाहिए, तो कोई रात में इसे खाने से मना करता है। हालांकि, वैज्ञानिक नजरिए से देखें तो केला खाने का कोई एक फिक्स समय नहीं है। आप अपनी सुविधा और जरूरत के हिसाब से इसे डाइट में शामिल कर सकते हैं।

केले में छुपे पोषक तत्व और तुरंत एनर्जी
अमेरिकी नेशनल इंस्टीट्यूट्स ऑफ हेल्थ के मुताबिक, एक सामान्य केले में लगभग 422 मिलीग्राम पोटैशियम और 0.4 मिलीग्राम विटामिन B6 मौजूद होता है। पोटैशियम हमारी नसों और मांसपेशियों को दुरुस्त रखने के साथ-साथ शरीर में पानी का बैलेंस बनाए रखता है। वहीं, विटामिन B6 प्रोटीन के सही इस्तेमाल में मदद करता है। कार्बोहाइड्रेट की अच्छी मात्रा होने के कारण ही जिम जाने वाले लोग और खिलाड़ी वर्कआउट से पहले या बाद में तुरंत एनर्जी पाने के लिए केला खाना पसंद करते हैं।

खाली पेट और रात में केला खाना कितना सही?
अगर आपको सुबह खाली पेट केला खाने से कोई परेशानी नहीं होती, तो आप इसे आसानी से नाश्ते में खा सकते हैं। लेकिन अगर खाली पेट फल खाने से पेट में गैस या भारीपन महसूस होता है, तो इसे ओट्स, ब्रेड या दही के साथ लेना बेहतर विकल्प है। इसके अलावा, केला और दूध का शेक भी काफी लोकप्रिय है, जो कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन दोनों देता है। रात में भी केला खाया जा सकता है, लेकिन अगर रात में केला खाने से पेट भारी लगता है तो इसे दिन में ही खाएं।

इन बीमारियों से पीड़ित लोग रखें खास ध्यान
केला भले ही बेहद फायदेमंद और सस्ता फल हो, लेकिन कुछ बीमारियों में इसे सोच-समझकर खाना चाहिए। डायबिटीज के मरीजों को केले का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए, क्योंकि इसमें मौजूद नेचुरल शुगर ब्लड शुगर का स्तर बढ़ा सकती है। वहीं, किडनी की समस्या से जूझ रहे मरीजों के लिए शरीर से एक्स्ट्रा पोटैशियम बाहर निकालना मुश्किल होता है। इसलिए डायबिटीज और किडनी के मरीजों को हमेशा डॉक्टर या डाइटीशियन की सलाह लेकर ही अपनी डाइट में केला शामिल करना चाहिए।