सावधान हो जाइए.. आपकी ये 5 रोजमर्रा की आदतें छी रही है आंखों की रोशनी
आंखें अनमोल हैं, लेकिन हमारी छोटी-छोटी गलतियां इन्हें गंभीर नुकसान पहुँचा सकती हैं। शराब, धूम्रपान और नींद की कमी कैसे आपकी दृष्टि को धुंधला कर रही हैं? जानें आयुष मंत्रालय के महत्वपूर्ण सुझाव।
अत्यधिक शराब के सेवन से मांसपेशियां कमजोर
7-8 घंटे की नींद आंखों के लिए अनिवार्य
धूम्रपान और तंबाकू से अंधापन का खतरा
स्क्रीन टाइम के दौरान आंखों को आराम दें
गंदे हाथों से आंख रगड़ने पर संक्रमण
आंखें मानव शरीर का सबसे संवेदनशील और अनमोल अंग हैं। इनके बिना दुनिया की कल्पना करना भी कठिन है। हालांकि, आधुनिक जीवनशैली और डिजिटल युग में हमारी कुछ अनजानी लापरवाही धीरे-धीरे हमारी दृष्टि को कमजोर कर रही हैं। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के अनुसार, यदि हम अपनी दैनिक दिनचर्या की कुछ आदतों को बदल लें, तो गंभीर नेत्र रोगों से बचा जा सकता है।
नशा और धूम्रपान: आंखों के लिए जहर
अत्यधिक शराब का सेवन आंखों की मांसपेशियों को कमजोर कर देता है, जिससे नजर धुंधली होने लगती है। वहीं, तंबाकू और धूम्रपान में मौजूद टॉक्सिन्स सीधे तौर पर रेटिना और ऑप्टिक नर्व को नुकसान पहुँचाते हैं। इससे 'मैकुलर डिजनरेशन' और मोतियाबिंद का खतरा कई गुना बढ़ जाता है, जो आगे चलकर अंधेपन का कारण भी बन सकता है।
नींद की कमी और स्क्रीन का बढ़ता उपयोग
आंखों की सेहत के लिए पर्याप्त आराम अनिवार्य है। रात भर जागने या 7-8 घंटे की नींद न लेने से आंखों में लालिमा, सूखापन (Dry Eyes) और डार्क सर्कल्स बढ़ जाते हैं। नींद के दौरान आंखें खुद की मरम्मत करती हैं, जिसकी कमी से रोशनी कम हो सकती है। इसके साथ ही, लगातार घंटों तक बिना ब्रेक लिए स्क्रीन देखने से 'आई स्ट्रेन' और सिरदर्द की समस्या स्थायी हो सकती है।
साफ-सफाई और थकान की अनदेखी
हम अक्सर गंदे हाथों से आंखों को रगड़ देते हैं, जो संक्रमण (जैसे कंजक्टिवाइटिस) का मुख्य कारण है। हाथों के बैक्टीरिया आंखों की झिल्ली को गंभीर नुकसान पहुँचा सकते हैं। इसके अलावा, काम के दौरान आंखों में थकान महसूस होने पर भी उन्हें आराम न देना मांसपेशियों पर अतिरिक्त दबाव डालता है।
बचाव के आसान तरीके
आंखों को सेहतमंद रखने के लिए आयुष मंत्रालय ने कुछ सरल सुझाव दिए हैं:--
रोज 7-8 घंटे की गहरी नींद लें।
शराब, तंबाकू और पान मसाला से पूरी तरह दूरी बनाएं।
स्क्रीन देखते समय हर 20 मिनट में ब्रेक लें और पलकें झपकाएं।
आंखों को हमेशा ठंडे और साफ पानी से धोएं।
पौष्टिक आहार लें जिसमें विटामिन-A प्रचुर मात्रा में हो।
समय रहते इन आदतों में सुधार न केवल आपकी नजर की रक्षा करेगा, बल्कि भविष्य में होने वाले महंगे ऑपरेशनों से भी आपको बचाएगा। यदि आंखों में निरंतर जलन या धुंधलापन महसूस हो, तो तुरंत किसी नेत्र विशेषज्ञ से सलाह लें।