अंतर्राष्ट्रीय कॉफी दिवस : जानें 1 अक्टूबर को क्यों मनाते हैं ये खास दिन
धीरे-धीरे बढ़ रहा है कॉफी का चलन
हॉट ड्रिंक में लोगों की पसंद बन रही है कॉफी
लाइफस्टाइल में बढ़ने लगा है कॉफी पीने का चलन
चाय के बाद अगर किसी हॉट ड्रिंक ने दुनियाभर के लोगों के दिल में जगह बनाई है, तो वह है कॉफी। खासकर आधुनिक और ऑफिस लाइफस्टाइल में इसका चलन काफी बढ़ गया है। हर साल 1 अक्टूबर को दुनिया भर में अंतर्राष्ट्रीय कॉफी दिवस (International Coffee Day) मनाया जाता है।
आइए जानते हैं कि इस दिन को मनाने के पीछे क्या मान्यता है और इसका इतिहास क्या है।
अंतर्राष्ट्रीय कॉफी दिवस मनाने का मकसद
अंतर्राष्ट्रीय कॉफी दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य इस व्यवसाय से जुड़े लोगों को सम्मानित करना है। यह दिन कॉफी से जुड़े व्यवसायी और इसकी खेती करने वाले किसानों की सराहना करने का एक बहाना है, जिन्होंने इस लोकप्रिय पेय को हम तक पहुंचाया।
लंदन में स्थापित अंतरराष्ट्रीय कॉफी संगठन (International Coffee Organization) ने 1 अक्टूबर 2015 को आधिकारिक तौर पर अंतर्राष्ट्रीय कॉफी दिवस मनाने की घोषणा की थी। यह संगठन कॉफी के विकास और इससे जुड़े रणनीतिक दस्तावेजों पर काम करता है।
हालांकि, वैश्विक घोषणा से पहले, कई देश स्थानीय स्तर पर यह दिवस मनाते रहे हैं। उदाहरण के लिए, चीन में पहला अंतर्राष्ट्रीय कॉफी दिवस 1997 में और नेपाल में 17 नवंबर 2005 को मनाया गया था।
भारत में कॉफी है लोकप्रिय पेय
कॉफी का उत्पादन ज्यादातर लैटिन अमेरिका, सब सहारा, अफ्रीका, वियतनाम और इंडोनेशिया जैसे गर्म क्षेत्रों में होता है। ऐतिहासिक रूप से, 17वीं शताब्दी में ईस्ट इंडिया कंपनी और डच ईस्ट इंडिया कंपनी कॉफी की सबसे बड़ी खरीदार बन गई थीं।
कॉफी उत्पादन में भारत छठे स्थान पर है और भारतीय कॉफी का स्वाद और गुणवत्ता दुनिया भर में काफी अच्छी मानी जाती है।
सेहत के लिहाज से कॉफी के कई फायदे हैं:--
वजन प्रबंधन: कॉफी शरीर में मौजूद फैट कम करने में मदद करती है, इसलिए वजन कम करने की चाहत रखने वाले युवाओं के बीच यह काफी लोकप्रिय है।
ऊर्जा और मेटाबॉलिज्म: कॉफी पीने से मेटाबॉलिज्म तेज होता है और यह तुरंत ऊर्जा प्रदान करती है।
एंटीऑक्सीडेंट्स: कॉफी में एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो कई बीमारियों के खतरे को कम करने और पाचन में सुधार करने में मदद करते हैं।
कॉफी के होते हैं कई प्रकार
कॉफी बीन्स के कई प्रकार हैं, जिनमें मुख्य रूप से अरेबिका, रोबस्टा, लिबरिका और एक्सेला शामिल हैं। वहीं, पेय के रूप में एक्सप्रेसो, अमेरिकानो, कैपुचिनो, लाते, मोचा, मैकियाटो, लंगो और रिस्ट्रेटो जैसे कई लोकप्रिय प्रकार मौजूद हैं।
हालांकि, यह ध्यान रखना आवश्यक है कि कॉफी का असर हर व्यक्ति के शरीर पर अलग हो सकता है। इसलिए यदि आपको कोई स्वास्थ्य संबंधी परेशानी है, तो डॉक्टर की सलाह के बाद ही इसका सेवन करें।