रेलवन एप से यात्रियों को मिलेगी त्वरित और डिजिटल सुविधा, यात्रियों को मिलेगी सुविधा
यात्री अब डिजिटल तरीके से टिकट बुक कर सकेंगे
एंड्रॉइड और iOS दोनों प्लेटफार्म पर उपलब्ध
ट्रेन रद्द होने पर एप तुरंत अलर्ट देगा
भीड़ और लंबी कतार से राहत मिलेगी
चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर में रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए रेलवन एप की शुरुआत की है। यह एप यात्रियों को पारदर्शी, सरल और त्वरित सेवाएं प्रदान करेगा। एप के माध्यम से यात्रियों को टिकट बुकिंग, ट्रेन की रियल टाइम जानकारी और फूड आर्डरिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे यात्रा और अधिक सुगम और सुरक्षित बनेगी।
आपको बता दें कि रेलवन एप एंड्रॉइड और iOS दोनों प्लेटफार्म पर निशुल्क डाउनलोड किया जा सकता है। इसके जरिए यात्री जनरल रिजर्वेशन, प्लेटफार्म टिकट और सामान्य टिकट आसानी से बुक कर सकते हैं। एप में लाइव ट्रेन स्टेटस, आगमन और प्रस्थान समय, विलंब की स्थिति तथा ट्रेन रद्द होने पर अलर्ट जैसी रियल टाइम सूचनाएं भी दी जाती हैं।
यात्रियों को अब अपनी सीट पर ही भोजन का ऑर्डर देने की सुविधा भी मिलती है। एप ट्रेन रद्द होने, प्लेटफार्म परिवर्तन या विलंब की स्थिति में तुरंत सूचना भेजेगा, जिससे यात्रियों को लंबी कतारों और भीड़ से बचाव होगा और उनका समय बचेगा।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के पीडीडीयू, गया, डेहरी आन सोन, सासाराम, अनुग्रह नारायण रोड और भभुआ रोड जंक्शन पर यात्रियों को एप की जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य डिजिटल इंडिया पहल को मजबूत करना और यात्रियों के लिए वन स्टॉप सॉल्यूशन प्रदान करना है।
इस संबंध में डीआरएम डीडीयू मंडल उदय सिंह मीना ने कहा कि रेलवन एप यात्रियों के लिए एक स्मार्ट और त्वरित सेवा साबित होगी। इसका प्रचार-प्रसार लगातार किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक यात्री इसका लाभ उठा सकें और रेल यात्रा को सुविधाजनक और परेशानी मुक्त बना सकें।
रेलवन एप के आने से यात्रियों को डिजिटल सुविधाओं के साथ-साथ समय की बचत, पारदर्शिता और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा, जिससे रेल सेवा और अधिक आधुनिक और यात्रियों के अनुकूल बनेगी।