चंदौली के लिए गर्व का पल: खजूर गांव की साधना का 'नेशनल यूथ कॉन्क्लेव 2026' में चयन, भुवनेश्वर में बढ़ाएंगी जिले का मान
खजूर गांव (साहूपुरी) निवासी श्री राम प्रसाद की सुपुत्री साधना को मिली बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि
सामाजिक संस्था 'Art of Giving' द्वारा KIIT यूनिवर्सिटी, भुवनेश्वर में होगा आयोजन
यूपी स्टेट को-ऑर्डिनेटर काजल यादव के नेतृत्व में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी साधना
प्रख्यात शिक्षाविद एवं समाजसेवी डॉ. अच्युत सामंत के मार्गदर्शन में सीखने का मिलेगा अवसर
लीडरशिप डेवलपमेंट वर्कशॉप और इंटरैक्टिव सेशंस के जरिए युवाओं को मिलेगी नई दिशा
चंदौली जनपद के लिए यह एक बेहद गर्व और सम्मान की खबर है। क्षेत्र के साहूपुरी अंतर्गत आने वाले खजूर गांव निवासी श्री राम प्रसाद की होनहार सुपुत्री और युवा समाजसेवी साधना का चयन प्रतिष्ठित 'नेशनल यूथ कॉन्क्लेव 2026' (National Youth Conclave 2026) के लिए किया गया है। साधना की इस बड़ी उपलब्धि से पूरे गांव और जनपद में खुशी की लहर है।
KIIT यूनिवर्सिटी भुवनेश्वर में होगा आयोजन
सामाजिक संस्था 'आर्ट ऑफ गिविंग' (Art of Giving) द्वारा आयोजित यह तीन दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्क्लेव आगामी 18 से 20 अप्रैल 2026 तक ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (KIIT यूनिवर्सिटी) में भव्य रूप से संपन्न होगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन में साधना अपने राज्य उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह विशेष भागीदारी यूपी की स्टेट को-ऑर्डिनेटर काजल यादव के कुशल नेतृत्व और समन्वय में होगी, जो प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ाने और सशक्त मंच प्रदान करने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के आधार पर हुआ चयन
साधना का यह चयन उनके द्वारा धरातल पर किए जा रहे उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों, उनके समर्पण और समाज के प्रति उनकी सक्रिय भागीदारी को देखते हुए किया गया है। इस राष्ट्रीय कॉन्क्लेव में देशभर से ऐसे ही चुनिंदा और सक्रिय युवा कोऑर्डिनेटर्स एवं वॉलंटियर्स भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान इन सभी युवाओं को प्रख्यात शिक्षाविद एवं समाजसेवी डॉ. अच्युत सामंत (Dr. Achyuta Samanta) के सानिध्य में बहुत कुछ नया सीखने और समझने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा।
'समाज सेवा के लिए मिलेगी नई ऊर्जा'
इस कॉन्क्लेव में युवाओं के लिए लीडरशिप डेवलपमेंट वर्कशॉप, इंटरैक्टिव सेशंस, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नेटवर्किंग गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, जो उन्हें भविष्य के लिए एक नई दिशा प्रदान करेंगी। अपनी इस शानदार उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए साधना ने कहा कि यह राष्ट्रीय मंच उन्हें समाज सेवा के क्षेत्र में और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने संकल्प लिया कि वह इस अवसर का पूरा लाभ उठाकर अपने जनपद चंदौली और पूरे उत्तर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय पटल पर गौरवान्वित करेंगी।