गुल्लक बनाम SIP: जानें क्यों बच्चों की बचत को गुल्लक के बजाय निवेश की है जरूरत, ऐसे बढ़ेगा पैसा
बचत की पुरानी आदत अब बीते दौर की बात हो गई है। आज के महंगाई भरे दौर में गुल्लक में रखा पैसा सोता है, जबकि SIP में किया गया छोटा निवेश कंपाउंडिंग की जादुई ताकत से आपके भविष्य को सुरक्षित और अमीर बना सकता है।
महंगाई से लड़ने के लिए निवेश जरूरी
गुल्लक केवल बचत, SIP कराएगा तरक्की
₹500 की मंथली SIP का बड़ा कमाल
बच्चों को सिखाएं बेहतर मनी मैनेजमेंट
कंपाउंडिंग की ताकत से बढ़ेगा पैसा
पहले के समय में जब भी किसी बच्चे को पैसे बचाने की सीख दी जाती थी, तो उसे एक मिट्टी की गुल्लक थमा दी जाती थी। बच्चा उसमें अपनी पॉकेट मनी से बचाए हुए सिक्के और नोट बड़े चाव से जमा करता था और यह देखकर खुश होता था कि उसकी पूंजी बढ़ रही है। बचत की यह भावना पैदा करना निस्संदेह एक अच्छी आदत है, लेकिन क्या आज के प्रतिस्पर्धी और महंगाई भरे दौर में यह पर्याप्त है? ऐसी स्थिति में निवेश सलाहकार विनय प्रकाश तिवारी की सलाह काम की हो सकती है।
गुल्लक और महंगाई का सीधा गणित
आज के समय में केवल गुल्लक में पैसा रखना आर्थिक समझदारी नहीं माना जाता। इसका सबसे बड़ा कारण है— महंगाई (Inflation)। कल्पना कीजिए, आज जो वस्तु आपको ₹100 में मिल रही है, वही कुछ सालों बाद ₹150 या ₹200 की हो जाएगी। यदि आपका पैसा सिर्फ गुल्लक में बंद पड़ा है, तो उसकी क्रय शक्ति यानी ताकत धीरे-धीरे कम होती जाती है। पैसा संख्या में उतना ही रहता है, लेकिन उससे मिलने वाली चीजें कम हो जाती हैं। यहीं से जन्म लेती है 'सिप' (SIP) यानी सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान की जरूरत।
SIP: पैसे से पैसा बनाने की मशीन
SIP का सीधा अर्थ है हर महीने एक निश्चित और छोटी रकम का अनुशासित निवेश करना। इसमें पैसा केवल एक जगह रखा नहीं जाता, बल्कि वह बाजार की चाल के साथ बढ़ने की कोशिश करता है। यदि किसी बच्चे के नाम पर आज से ही महज ₹500 की मासिक SIP शुरू की जाए, तो 'कंपाउंडिंग' (Compounding) यानी चक्रवृधि ब्याज का जादू शुरू हो जाता है। इसमें निवेश किए गए पैसे पर तो कमाई होती ही है, उस कमाई पर भी अतिरिक्त कमाई होने लगती है।
एक तुलनात्मक उदाहरण: गुल्लक बनाम SIP
इसे एक साधारण उदाहरण से समझते हैं। यदि एक बच्चा 15 साल तक हर महीने ₹500 बचाकर केवल अपनी गुल्लक में इकट्ठा करता है, तो उसके पास अंत में लगभग ₹90,000 की राशि जमा होगी। लेकिन, यदि वही ₹500 प्रति माह एक अच्छी SIP योजना में लगाए जाएं और उस पर औसत रिटर्न मिले, तो 15 साल बाद यह राशि कई लाख रुपये तक पहुंच सकती है।
आर्थिक जागरूकता ही है असली विरासत
आज समय के साथ सबसे बड़ी ताकत केवल "बचत" नहीं, बल्कि "सही निवेश" बन गई है। अभिभावकों और स्कूलों की यह जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को केवल पैसे जोड़ना ही नहीं, बल्कि पैसे को सही जगह बढ़ाना भी सिखाएं। आने वाले समय में वही व्यक्ति आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर होगा, जो कम उम्र में ही मनी मैनेजमेंट (Money Management) के सिद्धांतों को समझ जाएगा।
जाने माने निवेश सलाहकार विनय प्रकाश तिवारी का कहना है कि बच्चों को सरल भाषा में SIP, महंगाई और निवेश जैसे विषयों से अवगत कराना उन्हें भविष्य की आर्थिक चुनौतियों के लिए तैयार करने का सबसे बेहतरीन तरीका है। याद रखें, गुल्लक में रखा पैसा सो जाता है, लेकिन सही जगह निवेश किया गया पैसा आपके लिए दिन-रात काम करता है।