चंदौली के ARTO सिपाही को जेल भिजवाने वाला सरगना सुनील यादव गिरफ्तार, पूर्वांचल के चर्चित TSY गैंग पर बड़ा एक्शन
पूर्वांचल में ओवरलोड और अवैध खनन परिवहन के लिए कुख्यात TSY गैंग के खिलाफ गाजीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खनन अधिकारी की गाड़ी में टक्कर मारकर जानलेवा हमला करने वाले गैंग सरगना सुनील यादव समेत दो को गिरफ्तार कर लिया गया है।
चर्चित TSY गैंग पर पुलिस का शिकंजा
गैंग सरगना सुनील यादव हुआ गिरफ्तार
खनन टीम पर जानलेवा हमले का आरोप
गाजीपुर के खानपुर थाने में मुकदमा दर्ज
उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल इलाके में ओवरलोड गाड़ियों को पास कराने और अवैध खनन परिवहन के सिंडिकेट से जुड़े चर्चित TSY गैंग के खिलाफ गाजीपुर पुलिस ने एक बहुत बड़ी कार्रवाई की है। वाराणसी के खनन अधिकारी की शिकायत पर खानपुर थाने में इस गैंग से जुड़े कई लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए इस गैंग के सरगना सुनील यादव समेत दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है, जबकि गैंग के बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
चेकिंग के दौरान सरकारी गाड़ी पर किया जानलेवा हमला
यह पूरी घटना 17 जून की रात की बताई जा रही है। खनन विभाग की टीम गाजीपुर जिले के कैथी टोल प्लाजा के पास ओवरलोड गाड़ियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम ने जब संदिग्ध ट्रकों को रोकना और उनका पीछा करना चाहा, तो टीएसवाई गैंग के इशारे पर एक ट्रक ड्राइवर ने जानबूझकर खनन अधिकारी की सरकारी बोलेरो गाड़ी में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत यह रही कि अधिकारी और उनकी टीम समय रहते गाड़ी से नीचे उतर गए थे, जिससे उनकी जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
चन्दौली में भी दर्ज कराया था अधिकारियों पर मुकदमा
आपको बता दें कि TSY गैंग का नाम पूर्वांचल में लंबे समय से अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खेल में सामने आता रहा है। इस गैंग का खौफ और रसूख इतना था कि इसके सदस्यों ने कुछ समय पहले चन्दौली के तत्कालीन खनन अधिकारी रोशन और परिवहन विभाग (ARTO) के एक सिपाही के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज करवाकर उन्हें जेल भिजवा दिया था। अब वाराणसी के खनन अधिकारी पर हुए इस हमले के बाद प्रशासन ने इस गैंग को पूरी तरह से नेस्तनाबूद करने की ठान ली है। गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) ने भी मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए सभी फरार आरोपियों को जल्द से जल्द जेल भेजने के निर्देश दिए हैं।
किसी भी आरोपी को बख्शेगी नहीं पुलिस
इस बड़ी कार्रवाई को लेकर खानपुर थाना प्रभारी राजीव पांडेय ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और जानलेवा हमला करने के मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें बाकी बचे हुए आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कानून हाथ में लेने वाले और सरकारी अधिकारियों पर हमला करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।