UP Board Exam 2027 का टाइमटेबल: 5 फरवरी से शुरू होंगी हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाएं, जानिए किस दिन होगा कौन सा पेपर
यूपी बोर्ड ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की समय-सारणी घोषित कर दी है। परीक्षाएं 5 फरवरी से 24 फरवरी 2027 तक दो पालियों में आयोजित की जाएंगी।
यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 का टाइमटेबल घोषित
5 फरवरी से 24 फरवरी तक चलेंगी परीक्षाएं
दो पालियों में आयोजित होंगे सभी प्रश्नपत्र
5 फरवरी को हाईस्कूल और इंटर का हिंदी पेपर
24 फरवरी को संपन्न होगी बोर्ड परीक्षा
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। परिषद की विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 5 फरवरी 2027 से शुरू होंगी और 24 फरवरी 2027 को समाप्त होंगी। परीक्षा कार्यक्रम जारी होने से चंदौली जिले समेत पूरे प्रदेश के छात्र-छात्राओं को पढ़ाई की बेहतर रणनीति बनाने में मदद मिलेगी।
जानिए क्या रहेगा परीक्षाओं का समय
माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा जारी संयुक्त परीक्षा कार्यक्रम में विषयों की तिथियों के साथ समय भी तय कर दिया गया है। परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। छात्र-छात्राएं परीक्षा के समय का विशेष ध्यान रखें।
5 से 12 फरवरी तक के प्रमुख पेपर
परीक्षा के पहले दिन 5 फरवरी को हाईस्कूल में हिंदी व प्रारंभिक हिंदी तथा इंटर में हिंदी व सामान्य हिंदी का पेपर होगा। 8 फरवरी को हाईस्कूल में सामाजिक विज्ञान और इंटर में अंग्रेजी की परीक्षा होगी। 9 फरवरी को हाईस्कूल में मानव विज्ञान और इंटर में नागरिक शास्त्र होगा। 10 फरवरी को हाईस्कूल की अंग्रेजी तथा 12 फरवरी को इंटर की जीव विज्ञान व गणित की परीक्षा होगी।
13 से 19 फरवरी के बीच की परीक्षाएं
13 फरवरी को हाईस्कूल गणित और इंटर अर्थशास्त्र की परीक्षा होगी। 15 फरवरी को हाईस्कूल में संस्कृत और इंटर में रसायन विज्ञान का पेपर होगा। 16 फरवरी को इंटर में समाजशास्त्र व भूगोल तथा 17 फरवरी को हाईस्कूल में विज्ञान की परीक्षा होगी। 18 फरवरी को इंटर में भौतिक विज्ञान और 19 फरवरी को हाईस्कूल में वाणिज्य व उर्दू की परीक्षा तय की गई है।
20 से 24 फरवरी के बीच अंतिम चरण की परीक्षा
20 फरवरी को हाईस्कूल में चित्रकला और इंटर में विभिन्न भाषाओं के साथ तर्कशास्त्र का पेपर होगा। 22 फरवरी को इंटर में व्यवसाय अध्ययन व गृह विज्ञान और 23 फरवरी को लेखाशास्त्र का पेपर आयोजित होगा। परीक्षा के अंतिम दिन 24 फरवरी 2027 को हाईस्कूल में कृषि तथा इंटरमीडिएट में कंप्यूटर और संस्कृत की परीक्षा के साथ बोर्ड परीक्षाएं संपन्न हो जाएंगी।
प्रधानाचार्य ने दी छात्रों को जरूरी सलाह
श्री यमुना इंटर कॉलेज कटसिला के प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे परिषद द्वारा जारी आधिकारिक टाइमटेबल से अपने विषयों और पालियों का मिलान जरूर कर लें। उन्होंने कहा कि समय-सारणी के अनुसार ही रोजाना की पढ़ाई और रिवीजन का प्लान बनाएं, ताकि बोर्ड परीक्षा में बेहतर अंक हासिल किए जा सकें।