तेज हुआ पुलिस का चालान वाला अभियान, एक दिन में काटे 145 चालान
यातायात पुलिस टीम का विशेष चेकिंग अभियान
बिना हेलमेट के वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर
145 लोगों का काटा गया है चालान
चंदौली जिले की यातायात पुलिस टीम द्वारा विशेष चेकिंग अभियान के दौरान बिना हेलमेट के वाहन चलाने वाले 96 लोगों के चालान के साथ-साथ गलत दिशा में वाहन चलाने वाले 1 व तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाने वाले 4 लोगों के वाहनों सहित कुल 145 वाहनों का चालान किया। यातायात की विभिन्न धाराओं में चालान करने की कार्यवाही पहले की अपेक्षा तेज की जा रही है, ताकि यातायात के नियमों का पालन न करने वालों पर शिकंजा कसा जा सके।
जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी यातायात,कृष्णमुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण तथा यातायात प्रभारी सत्यप्रकाश यादव व सभी यातायात से जुड़े कर्मचारियों के द्वारा चलाये जा रहे विशेष अभियान के क्रम में आमजन व वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए यातायात नियमों के पालन पर जोर दिया दया।
साथ ही साथ लोगों को नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित मानक से अधिक सवारी न बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, अवयस्क को वाहन न चलाने देने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने व दो पहिया वाहनों पर हेलमेट का प्रयोग करने, वाहनों को ओवर लोड न चलाने आदि के संबन्ध में जागरूक किया गया। इसके अलावा सभी को अवगत कराया गया कि कार या अन्य बड़े वाहनों को चलाते समय "सीटबेल्ट" का प्रयोग व दो पहिया वाहन चलाते समय "हेलमेट" का प्रयोग अवश्य करें ।
इसी अभियान के क्रम में दिनांक-17 मई 2025 को विशेष चेकिंग अभियान के दौरान बिना हेलमेट के वाहन चलाने वाले 96, गलत दिशा में वाहन चलाने वाले-1 व तीन सवारी वाले-4 वाहनों सहित कुल 145 वाहनों का अन्य धाराओं में चालान काटकर जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की गयी। जिसमें यातायात नियमों का पालन ना करना, बिना ड्राइविंग लाईसेन्स के वाहन चलाना समेत कई धाराओ में चालान किया गया है।