TB Patients Nutrition Support: चंदौली के 183 टीबी मरीजों को 6 माह तक मिलेगी निःशुल्क पोषण सहायता, हेल्पएज इंडिया और IEX की पहल, CDO और CMO ने किया शुभारंभ

 

चंदौली में 183 टीबी मरीजों को 6 माह तक निःशुल्क पोषण सहायता, हेल्पएज इंडिया और IEX की पहल, CDO रल्लापल्ली जगत साई और CMO डॉ. पारितोष मिश्रा ने पोषण पोटली वितरित कर किया शुभारंभ।

 
 

 183 टीबी मरीजों को पोषण सहायता

 6 माह तक निःशुल्क पोषण पोटली

 हेल्पएज इंडिया IEX की पहल

 CDO CMO ने किया शुभारंभ

 7 ब्लॉक के मरीजों को लाभ

चंदौली जनपद में टीबी मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार और उन्हें बेहतर पोषण उपलब्ध कराने की दिशा में हेल्पएज इंडिया एवं इंडियन एनर्जी एक्सचेंज (IEX) ने सराहनीय पहल की है। दोनों संस्थाओं के सहयोग से जिले के 183 टीबी मरीजों को लगातार छह माह तक निःशुल्क पोषण सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सोमवार को सीडीओ सभागार में मुख्य विकास अधिकारी रल्लापल्ली जगत साई (IAS) एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारितोष मिश्रा ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए चंदौली ब्लॉक के चयनित मरीजों को पोषण पोटली वितरित की।

इस अवसर पर जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश ने इस पहल की सराहना करते हुए हेल्पएज इंडिया एवं IEX के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों के उपचार के साथ-साथ उन्हें पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण है। इससे मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार लाने में मदद मिलेगी। टीबी की दवा के साथ अगर अच्छा खानपान मिले तो मरीज जल्दी ठीक होते हैं और उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है।

7 ब्लॉक के 183 मरीजों को मिलेगा लाभ

हेल्पएज इंडिया के राज्य प्रमुख अनूप पंत, स्टेट प्रोग्राम मैनेजर धीरज सिंह एवं जिला प्रमुख पंकज सिंह राठौर ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत चंदौली, नियामताबाद, सकलडीहा, चकिया, शहाबगंज, बरहनी एवं मढ़ी क्षेत्र के कुल 183 चयनित टीबी मरीजों को छह माह तक पोषण पोटली उपलब्ध कराई जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य मरीजों को नियमित दवा और उपचार के साथ पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता एवं स्वास्थ्य में सुधार करना है।

बताया गया कि पोषण पोटली में प्रोटीन और पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य सामग्री शामिल की गई है जो टीबी मरीजों के लिए जरूरी है। इससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को काफी राहत मिलेगी जो पौष्टिक भोजन का खर्च नहीं उठा पाते।

सीडीओ ने की सराहना

मुख्य विकास अधिकारी रल्लापल्ली जगत साई ने हेल्पएज इंडिया के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि जनपद में संस्था द्वारा स्वास्थ्य एवं सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए संस्था के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है और इस तरह की सामाजिक संस्थाओं का सहयोग बहुत महत्वपूर्ण है।

सीएमओ डॉ. पारितोष मिश्रा ने भी कहा कि जिले में टीबी मरीजों के लिए पोषण सहायता बहुत जरूरी है। हेल्पएज इंडिया और IEX की यह पहल अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणा है।

कार्यक्रम के दौरान कई टीबी मरीजों को पोषण पोटली दी गई और उन्हें नियमित दवा लेने और पौष्टिक आहार लेने के लिए जागरूक किया गया।