UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: रात में आयी 41 वरिष्ठ PCS अफसरों के तबादले की लिस्ट, चंदौली के SDM बदले गए

उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार देर रात 41 वरिष्ठ पीसीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इसमें एडीएम, एसडीएम, नगर मजिस्ट्रेट और चीनी मिलों के प्रधान प्रबंधक बदले गए हैं। चंदौली के एसडीएम विनय कुमार मिश्रा का भी तबादला हुआ है।
 

यूपी में 41 PCS अधिकारियों के तबादले

चंदौली के एसडीएम विनय कुमार मिश्रा बदले

राजेश कुमार वर्मा बने चंदौली के नए एसडीएम

देर रात जारी हुई 41 अफसरों की तबादला सूची

एडीएम, एसडीएम और नगर मजिस्ट्रेट स्तर पर बड़ा फेरबदल

उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए सोमवार देर रात करीब 10:30 बजे 41 वरिष्ठ पीसीएस (PCS) अधिकारियों के स्थानांतरण की सूची जारी कर दी। इस सूची में राज्य भर के प्रशासनिक हलके में हलचल बढ़ा दी है। शासन द्वारा जारी इस सूची में 10 अपर जिलाधिकारी (ADM), 8 उप जिलाधिकारी (SDM), 5 नगर मजिस्ट्रेट और 5 अपर आयुक्त स्तर के अफसरों के नाम शामिल हैं। इसके अलावा मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) और कई मंडलीय स्तर के अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

चंदौली के उपजिलाधिकारी बदले गए
इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल का असर चंदौली जिले पर भी पड़ा है। चंदौली में तैनात उप जिलाधिकारी (SDM) विनय कुमार मिश्रा का तबादला कर दिया गया है। उन्हें उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ में प्रधान प्रबंधक के पद पर नई तैनाती दी गई है। वहीं, अलीगढ़ में उप जिलाधिकारी के पद पर कार्यरत रहे राजेश कुमार वर्मा को चंदौली का नया उप जिलाधिकारी (SDM) बनाया गया है। चंदौली के नए एसडीएम जल्द ही जिले में पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण करेंगे।

एडीएम, एसडीएम और नगर मजिस्ट्रेट स्तर पर बड़े बदलाव
तबादला सूची के अनुसार महेंद्र कुमार सिंह को अयोध्या विकास प्राधिकरण के ओएसडी पद से वाराणसी का नगर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। वहीं जौनपुर एसडीएम बिंदु लता को कानपुर नगर में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) बनाया गया है। इसके साथ ही संजय चावला को आजमगढ़ में ही एसडीएम से पदोन्नत कर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की जिम्मेदारी दी गई है। महोबा के एडीएम (वि/रा) कुंवर पंकज को झांसी मंडल में अपर आयुक्त बनाया गया है, जबकि जौनपुर के नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह को महोबा का एडीएम (वि/रा) नियुक्त किया गया है।

चीनी मिल संघ और विकास प्राधिकरणों में भी नई तैनाती
सहकारी चीनी मिल संघ में प्रधान प्रबंधक रहे महिपाल सिंह को जौनपुर का नया नगर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। चीनी मिल संघ के प्रधान प्रबंधक महेंद्र प्रताप सिंह को सुल्तानपुर का मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) नियुक्त किया गया है, जबकि अंबेडकरनगर के एसडीएम राजेश कुमार को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ में प्रधान प्रबंधक की कमान सौंपी गई है। राजस्व परिषद में ओएसडी रहे सौजन्य कुमार विकास को बहराइच का एसडीएम बनाया गया है। हमीरपुर के एडीएम (नमामि गंगे) सुरेश कुमार को सहारनपुर विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है, जबकि बरेली के एसडीएम विजय सिंह को हमीरपुर में एडीएम (नमामि गंगे) बनाया गया है।

कई अन्य जनपदों में भी बदले गए अधिकारी
बागपत के एडीएम (न्यायिक) शिव नारायण को लखनऊ निकाय निदेशालय में उपनिदेशक बनाया गया है। बलिया के एसडीएम देवेंद्र कुमार पांडेय को बागपत में एडीएम (न्यायिक) की जिम्मेदारी मिली है। बुलंदशहर के नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सिंह अब गोंडा के एडीएम (वि/रा) होंगे। झांसी में जगदंबिका प्रसाद पांडेय को विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी बनाया गया है। पीलीभीत के नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर को मेरठ का एडीएम (प्रशासन) और बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण के ओएसडी प्यारे लाल मौर्य को पीलीभीत का नगर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।

मंडलायुक्त कार्यालयों और नगर निगमों में तैनाती
मुरादाबाद मंडल के अपर आयुक्त अरुण कुमार सिंह को गौतमबुद्ध नगर का एडीएम (वि/रा) बनाया गया है। मेरठ के नगर मजिस्ट्रेट नवीन कुमार श्रीवास्तव को मुरादाबाद मंडल में अपर आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय से संबद्ध एसडीएम पंकज दीक्षित को मेरठ का नया नगर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। मेरठ के एडीएम (प्रशासन) सत्य प्रकाश सिंह द्वितीय को लखनऊ मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। अमरोहा की एसडीएम सुनीता कुमारी को वृंदावन नगर निगम में अपर नगर आयुक्त की जिम्मेदारी मिली है।

वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां
बदायूं के एडीएम (वि/रा) त्रिभुवन को प्रयागराज मंडल का अपर आयुक्त और चीनी मिल संघ के प्रधान प्रबंधक महेंद्र कुमार श्रीवास्तव को बदायूं का एडीएम (वि/रा) बनाया गया है। नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी अशोक कुमार शर्मा को चीनी मिल संघ में प्रधान प्रबंधक बनाया गया है। बस्ती के एडीएम (वि/रा) प्रतिपाल चौहान को विंध्याचल मंडल में अपर आयुक्त और लखनऊ के नगर मजिस्ट्रेट ज्ञानचंद्र गुप्ता को बस्ती का एडीएम (वि/रा) बनाया गया है। एटा के एसडीएम जगमोहन गुप्ता को लखनऊ का नया नगर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।

तहसीलों और विकास प्राधिकरणों में बदलाव
एटा के एडीएम (वि/रा) लालता प्रसाद शाक्य को प्रयागराज का मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) बनाया गया है। वृंदावन नगर निगम के अपर नगर आयुक्त चंद्र प्रकाश पाठक अब एटा के एडीएम (वि/रा) होंगे। वाराणसी की एसडीएम ज्योति सिंह को चित्रकूट का एसडीएम नियुक्त किया गया है। शाहजहांपुर से स्थानांतरित हर्ष चावला को मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण में ओएसडी बनाया गया है। कानपुर नगर के एसडीएम संजीव कुमार दीक्षित को गोरखपुर विकास प्राधिकरण का ओएसडी और औरैया के एसडीएम सुशांत श्रीवास्तव को बागपत का नया एसडीएम बनाया गया है।

अन्य अधिकारियों के स्थानांतरण
देवरिया से स्थानांतरित एसडीएम राकेश कुमार जयंत को मुरादाबाद का एसडीएम बनाया गया है। भदोही के एसडीएम अरुण कुमार गिरि को गाजीपुर का एसडीएम नियुक्त किया गया है। कुशीनगर के एसडीएम रामवीर सिंह को मुरादाबाद नगर निगम में सहायक नगर आयुक्त बनाया गया है। इसके अलावा बलरामपुर के एसडीएम अतुल कुमार सिंह को शाहजहांपुर का एसडीएम और शाहजहांपुर की एसडीएम संध्या शर्मा को जालौन का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है। शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश जारी किया है।