बिना हेलमेट 232 बाइक सवारों का हुआ चालान, जाति लिखकर न बनाएं भौकाल..पकड़ लेगी पुलिस 

पुलिस ने सभी से दो पहिया वाहनों पर हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने और कार या अन्य बड़े वाहनों को चलाते समय सीटबेल्ट का प्रयोग अवश्य करने का आह्वान किया।
 

चंदौली में यातायात नियमों का उल्लंघन करना खतरनाक

आज भी चला पुलिस का डंडा

आज के दिन कुल 446 वाहनों का चालान

चंदौली जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर एक बार फिर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 446 वाहनों का चालान किया गया, जिनसे ₹7,04,500 का भारी-भरकम राजस्व वसूला जाएगा।

यह अभियान अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर/क्षेत्राधिकारी यातायात के मार्गदर्शन में, प्रभारी यातायात के नेतृत्व में चलाया गया। यातायात पुलिस टीम ने जिले के समस्त क्षेत्रों में सक्रियता दिखाते हुए विशेष रूप से ऑटो, निजी और व्यावसायिक वाहनों की गहनता से जांच की।

प्रमुख उल्लंघनों पर कड़ी कार्रवाई

दिनांक 25 सितंबर 2025 को चलाए गए इस विशेष चेकिंग अभियान में कई तरह के नियमों का उल्लंघन सामने आया, जिन पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की:---

बिना हेलमेट के बाइक सवार : 232 वाहन चालकों का चालान किया गया।

नो पार्किंग पर चालान : 77 वाहन 'नो पार्किंग' जोन में खड़े पाए गए।

जातिसूचक शब्द लिखे वाहन : अपने अपने वाहनों पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने वाले 13 वाहनों पर कार्रवाई की गई।

काली फिल्म लगी गाड़ियां : वाहनों पर काली फिल्म लगाकर चलने वाले 2 वाहनों का चालान किया गया।

क्षमता से अधिक सवारी/ओवरलोडिंग का  मामला : ऑटो और अन्य निजी/व्यावसायिक वाहनों में यात्री संख्या के निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की गई।

कुल मिलाकर, यातायात के विभिन्न धाराओं में 446 वाहनों का चालान किया गया, जो जिले में यातायात नियमों के प्रति पुलिस की सख्ती को दर्शाता है।

सुरक्षा और जागरूकता पर जोर
इस अभियान के दौरान पुलिस ने चालान की कार्रवाई के साथ-साथ आमजन और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया। पुलिस टीम ने लोगों को नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित मानक से अधिक सवारी न बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, और अवयस्क को वाहन न चलाने देने के संबंध में जागरूक किया।

पुलिस ने सभी से दो पहिया वाहनों पर हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने और कार या अन्य बड़े वाहनों को चलाते समय सीटबेल्ट का प्रयोग अवश्य करने का आह्वान किया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।