चंदौली में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 91 वाहनों का हुआ चालान
सड़क सुरक्षा को लेकर चंदौली यातायात पुलिस सख्त
बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर हुई सबसे अधिक कार्रवाई
लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति किया गया जागरूक
चंदौली जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और आमजन को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चंदौली जिले की यातायात पुलिस द्वारा सोमवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत कुल 91 वाहनों के चालान काटे गए। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्णमुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण और प्रभारी यातायात सत्यप्रकाश यादव के नेतृत्व में की गई।
बिना हेलमेट चलने वालों पर हुई कार्रवाई
इस विशेष चेकिंग अभियान के दौरान बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाने वाले 58 लोगों का चालान किया गया। इसके साथ ही तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वाले 12 चालकों और नो पार्किंग जोन में ट्रक व अन्य वाहन खड़े करने वाले 15 लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
91 वाहनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कार्रवाई
यातायात नियमों के उल्लंघन के चलते कुल 91 वाहनों पर विभिन्न धाराओं में चालान किया गया। इनमें शराब पीकर वाहन चलाना, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन संचालन, मोबाइल फोन के उपयोग के साथ वाहन चलाना, और ओवरलोडिंग जैसी गंभीर लापरवाहियों के मामले शामिल हैं।
यातायात नियमों के पालन की दी गई सलाह
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने आम नागरिकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया। लोगों को समझाया गया कि दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनना, चार पहिया वाहनों में सीटबेल्ट लगाना, नशे की हालत में वाहन न चलाना, और अवयस्कों को वाहन न सौंपना न सिर्फ कानूनी जिम्मेदारी है, बल्कि स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक भी है।
ट्रैफिक नियमों को लेकर जागरूकता अभियान भी जारी
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को बताया कि सड़क पर सुरक्षित चलने के लिए नियमों का पालन अत्यंत जरूरी है। यह अभियान न केवल दंडात्मक है, बल्कि जनजागरूकता के माध्यम से दुर्घटनाओं की रोकथाम का एक प्रयास भी है।