अमर उजाला के पत्रकार राकेश यादव का BHU में इलाज के दौरान निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर
 

राकेश यादव नरसिंहपुर ग्रामसभा के जसौली गांव के निवासी थे। उन्होंने लगभग 20 से 25 वर्षों तक सक्रिय पत्रकारिता करते हुए जिले की सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाया।
 

चंदौली के वरिष्ठ पत्रकार राकेश यादव का निधन

दैनिक जागरण और अमर उजाला के लिए किया लंबे समय तक काम

लगभग 2 दशक से अधिक समय तक पत्रकारिता में रहे एक्टिव

चंदौली जिले के पत्रकारिता जगत को गहरा आघात पहुंचा है। जिले के वरिष्ठ पत्रकार राकेश यादव का मंगलवार की भोर में बीमारी के कारण वाराणसी स्थित बीएचयू अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। राकेश यादव लंबे समय से बीमार चल रहे थे, लेकिन उन्होंने अंतिम समय तक पत्रकारिता से नाता नहीं तोड़ा।

राकेश यादव नरसिंहपुर ग्रामसभा के जसौली गांव के निवासी थे। उन्होंने लगभग 20 से 25 वर्षों तक सक्रिय पत्रकारिता करते हुए जिले की सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाया। उनकी रिपोर्टिंग शैली, निष्पक्ष दृष्टिकोण और निर्भीक लेखन के कारण वे न केवल चंदौली बल्कि पूरे पूर्वांचल के पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान रखते थे।

उनके निधन से चंदौली की पत्रकारिता को अपूरणीय क्षति हुई है। सहकर्मी पत्रकारों ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राकेश यादव जैसे ईमानदार और निडर पत्रकार की कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। उनकी सादगी, सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण और पत्रकारिता के प्रति निष्ठा ने सभी को प्रेरित किया है।

पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। सभी लोगों ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी संवेदना व्यक्त श्रद्धांजलि दी है। साथ ही ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है। राकेश यादव की मृत्यु न केवल पत्रकारिता जगत के लिए बल्कि पूरे जनपद के लिए एक बड़ी क्षति के रूप में देखी जा रही है।