चंदौली में ईद-उल-अजहा की छुट्टी अब 28 मई को, जिलाधिकारी ने जारी किया नया आदेश
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार चंदौली जिले में बकरीद (ईद-उल-अजहा) के सार्वजनिक अवकाश की तारीख में बदलाव किया गया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार अब यह छुट्टी 27 मई के स्थान पर 28 मई 2026 को लागू होगी।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने जारी किया कार्यालय ज्ञाप
चंद्र दर्शन के आधार पर बदला बकरीद का सार्वजनिक अवकाश
अब 27 मई के बजाय 28 मई को बंद रहेंगे कार्यालय
शासन की विज्ञप्ति के क्रम में तत्काल प्रभाव से आदेश लागू
समस्त विभागाध्यक्षों और कार्यालय अध्यक्षों को प्रतिलिपि भेजी गई
उत्तर प्रदेश शासन के गृह व सामान्य प्रशासन अनुभाग द्वारा प्राप्त निर्देशों के अनुक्रम में चंदौली जनपद में ईद-उल-अजहा (बकरीद) के त्योहार पर दिए जाने वाले सार्वजनिक अवकाश की तिथि में महत्वपूर्ण संशोधन किया गया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग द्वारा जारी किए गए आधिकारिक कार्यालय ज्ञाप के अनुसार, पूर्व में यह सार्वजनिक अवकाश 27 मई 2026 (दिन बुधवार) को घोषित किया गया था। चूंकि उत्तर प्रदेश में चंद्र दर्शन (चांद दिखने) के आधार पर अब ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार 28 मई 2026 को मनाया जाएगा, इसलिए पूर्व घोषित तिथि को परिवर्तित कर दिया गया है।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने जारी किया आदेश
जिलाधिकारी चंदौली, चंद्र मोहन गर्ग द्वारा हस्ताक्षरित आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन अनुभाग लखनऊ की विज्ञप्ति संख्या-1/134331/2026 दिनांक 26 मई 2026 तथा पूर्व घोषित विज्ञप्ति संख्या-671/तीन-2025-39(2)/2016 दिनांक 17 नवंबर 2025 के नियमों के तहत यह कदम उठाया गया है। संशोधित निर्णय के तहत अब दिनांक 27 मई 2026 (दिन बुधवार) के स्थान पर दिनांक 28 मई 2026 (दिन गुरुवार) को संपूर्ण जनपद में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाता है।
तत्काल प्रभाव से आदेश लागू, सभी विभागों को सूचना प्रेषित
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यह संशोधित शासकीय आदेश जिले में तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा। इस महत्वपूर्ण शासकीय निर्णय की प्रतिलिपि आवश्यक सूचना एवं उचित अनुपालन हेतु आयुक्त वाराणसी मंडल, पुलिस अधीक्षक चंदौली, मुख्य विकास अधिकारी चंदौली सहित जनपद के समस्त विभागाध्यक्षों और कार्यालय अध्यक्षों को प्रेषित कर दी गई है।