RBI के आदेश के बाद हड़ताल के पहले रविवार को खुलेंगे बैंक, 28 से होनी है बैंकों में हड़ताल 

बैंक कर्मचारियों की 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल के बीच 27 सितंबर रविवार को बैंक खोलने का फैसला लिया गया है। RBI की मंजूरी के बाद सार्वजनिक बैंक और ग्रामीण बैंक खुलेंगे। एटीएम पर अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा।
 
28 से 30 सितंबर तक बैंकों की तीन दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित
ग्राहकों की सहूलियत के लिए 27 सितंबर रविवार को खुलेंगे बैंक
RBI से मिली मंजूरी, सार्वजनिक और ग्रामीण बैंक रहेंगे चालू
LDM आशीष कुमार ने चंदौली के बैंकों को दिए निर्देश
हड़ताल के दौरान ATM पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं

बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। बैंक कर्मचारियों की 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल के बीच ग्राहकों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए 27 सितंबर (रविवार) को बैंक खोलने का बड़ा निर्णय लिया गया है। इस फैसले से लगातार पांच दिनों तक बैंकिंग सेवाएं ठप रहने की गंभीर स्थिति टल गई है।

RBI ने दी मंजूरी

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से अनुमति मिलने के बाद सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को इस रविवार को काम-काज संचालित करने की मंजूरी दी गई है। अग्रणी जिला प्रबंधक आशीष कुमार ने बताया कि 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण सामान्यतः बैंक बंद रहते हैं। इसके ठीक बाद 28, 29 और 30 सितंबर को यूएफबीयू (UFBU) की हड़ताल प्रस्तावित है।

अगर रविवार को बैंक बंद रहते तो 26 सितंबर से 30 सितंबर तक लगातार 5 दिन बैंक बंद रहते, जिससे ग्राहकों को भारी परेशानी होती।

रविवार को क्या-क्या खुलेगा

आम जनता की सुविधा को देखते हुए रविवार को बैंक शाखाएं, उनसे जुड़े प्रशासनिक कार्यालय, एटीएम-लिंक्ड शाखाएं और करेंसी चेस्ट पूरी तरह चालू रहेंगे। इस संबंध में जनपद चंदौली में संचालित सभी बैंकों को निर्देश पत्र जारी कर दिया गया है। रविवार को बैंक अपने सामान्य समय पर खुलेंगे और नियमित कामकाज होगा।

ATM पर नहीं लगेगा अतिरिक्त शुल्क

राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (उत्तर प्रदेश) के अनुसार, 28 से 30 सितंबर 2026 के हड़ताल अवधि के दौरान किसी भी बैंक के एटीएम से लेनदेन करने पर ग्राहकों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं वसूला जाएगा।

आमतौर पर दूसरे बैंक के एटीएम से तय सीमा से ज्यादा लेनदेन पर शुल्क लगता है, लेकिन हड़ताल के दौरान यह शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा रविवार को शाखाओं में नियमित काम-काज के साथ-साथ ग्राहक यूपीआई (UPI), IMPS, RTGS और NEFT के जरिए निर्बाध भुगतान कर सकते हैं। डिजिटल सेवाएं पूरी तरह चालू रहेंगी।

ग्राहकों से की गई अपील

राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति और जिला प्रबंधक ने सभी ग्राहकों से अपील की है कि वे हड़ताल के दौरान अपनी आवश्यकताओं के लिए मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, व्हाट्सएप बैंकिंग और बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट (BC) जैसी वैकल्पिक और डिजिटल सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें।

साथ ही अपने जरूरी बैंकिंग कार्यों की तैयारी समय रहते पूरी कर लें, ताकि हड़ताल के दौरान परेशानी न हो। ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे 27 सितंबर रविवार को अपने जरूरी काम जैसे कैश जमा, निकासी, चेक जमा और अन्य कार्य निपटा लें।