डबल इंजन की सरकार में ठेकेदार कर रहे दो-कौड़ी का काम, 6 महीने भी नहीं चली ROB की सड़क
चंदौली के बरठी कमरौर में रेलवे ओवरब्रिज बनते ही धंसने लगा है। आवागमन शुरू होते ही सड़क में दरार और गड्ढा दिखने से ग्रामीणों में हड़कंप है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल।
बरठी कमरौर रेलवे ओवरब्रिज में पड़ी गहरी दरार
आवागमन शुरू होते ही ओवरब्रिज पर बना बड़ा गड्ढा
निर्माण कार्य की खराब गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल
इसी कार्यदायी संस्था का बनौली खुर्द में गिरा था स्लैब
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने की तत्काल जांच की मांग
चंदौली जिले के सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के बरठी कमरौर गांव में विकास दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। यहां कुछ ही महीने पहले बनकर तैयार हुए रेलवे ओवरब्रिज की सड़क वाले हिस्से में बड़ी दरारें आ गई हैं और एक खतरनाक गड्ढा बन गया है। स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है और निर्माण कार्य की मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
आवागमन शुरू होते ही मंडराने लगा हादसे का खतरा
बरठी कमरौर रेलवे ओवरब्रिज पर अभी हाल ही में गाड़ियों का आवागमन शुरू हुआ था। इतनी जल्दी सड़क के टूटने और उसमें दरारें आने से स्थानीय ग्रामीणों की चिंता काफी बढ़ गई है। लोगों का साफ तौर पर आरोप है कि पुल निर्माण के दौरान ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों ने भारी लापरवाही बरती है, जिसका खामियाजा अब आम जनता को भुगतना पड़ सकता है।
इसी संस्था का बनौली खुर्द में गिरा था स्लैब
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इसी कार्यदायी संस्था ने बनौली खुर्द में भी एक रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कराया था। वहां भी निर्माण के दौरान पुल का स्लैब अचानक गिर गया था। उस समय हुई विभागीय जांच में शटरिंग समेत कई बड़ी खामियां पाई गई थीं, जिसके बाद मामले में कार्रवाई भी शुरू हुई थी और राजनीतिक दलों व जनता ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया था।
जांच और सख्त कार्रवाई की उठी मांग
अब एक बार फिर बरठी कमरौर के ओवरब्रिज में दरार और बड़ा गड्ढा सामने आने के बाद कार्यदायी संस्था और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर उंगलियां उठ रही हैं। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले का तुरंत संज्ञान लेकर पुल के इस हिस्से की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करते हुए इसकी मरम्मत तुरंत कराई जाए।