फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला चंदौली, रिटायर दरोगा ने अपने अधिवक्ता भाई को मारी गोली
सिरसी गांव में गोलियों की तड़तड़ाहट से मचा हड़कंप
अधिवक्ता कमला यादव की गोली मारकर हत्या
रिटायर्ड दरोगा दंगला यादव ने चलायी गोली
चंदौली जनपद एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के सिरसी गांव का है, जहां आपसी जमीन विवाद में एक रिटायर्ड दरोगा ने अपने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक कमल यादव जिला मुख्यालय स्थित कचहरी में अधिवक्ता थे। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को जिला कचहरी परिसर में दोनों भाइयों के बीच जमीन के पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई। तू-तू, मैं-मैं इस कदर बढ़ गई कि वहां मौजूद अन्य अधिवक्ताओं और लोगों को बीच-बचाव करना पड़ा। मामला कुछ देर के लिए शांत तो हो गया, लेकिन विवाद की चिंगारी ने कुछ ही घंटों में एक जान ले ली।
शाम को जब कमल यादव अपने घर सिरसी गांव लौटे, तभी पहले से घात लगाए बैठे रिटायर्ड दरोगा भाई ने उन पर असलहे से गोली चला दी। गोली लगने के बाद अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन तत्काल उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चंदौली बार एसोसिएशन में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में अधिवक्ता पोस्टमार्टम हाउस पर एकत्र हो गए और आरोपी भाई की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।