उद्योग बंधु की बैठक :   रामनगर औद्योगिक क्षेत्र की बदहाली पर भड़के CDO, लटकते तारों और संकरी सड़क को सुधारने के दिए निर्देश

​​​​​​​

चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई की अध्यक्षता में उद्योग बंधु की अहम बैठक संपन्न हुई। बैठक में रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में लटकते बिजली के तारों, संकरी सड़कों और जलजमाव की समस्याओं पर अधिकारियों को अल्टीमेटम दिया गया।

 
 

कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु बैठक

लटकते बिजली तारों से हादसे का डर

संकरी सड़क चौड़ीकरण की उठी मांग

पार्क में जलजमाव से श्रमिकों में संक्रमण

अगली बैठक से पहले निवारण के निर्देश

चंदौली जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आर जगत साई की अध्यक्षता में उद्योग बंधु की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस उच्च स्तरीय बैठक में जिले के विभिन्न उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं के संदर्भ में बिंदुवार विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान उद्यमियों के हितों की रक्षा और व्यापारिक सुगमता को बढ़ावा देने के लिए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को दो टूक लहजे में निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निवारण प्राथमिकता के आधार पर तत्काल सुनिश्चित किया जाए।

बिजली के लटकते तार दे रहे हैं बड़े हादसे को दावत
बैठक में रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 के उद्यमियों ने एक गंभीर समस्या की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया। उद्यमियों ने बताया कि निगम द्वारा इस क्षेत्र में सी०सी० रोड का निर्माण कराया गया है, जिससे सड़क का स्तर काफी ऊपर उठ गया है। इसके विपरीत, बिजली के खम्भे और तारों की ऊँचाई अब काफी नीचे हो गई है। स्थिति यह है कि फैक्ट्रियों के अंदर जाने वाले लोडेड ट्रकों का ऊपरी हिस्सा इन लाइव तारों को छूता है, जिससे हर वक्त किसी बड़ी दुर्घटना और जान-माल के नुकसान की आशंका बनी रहती है। इस पर संज्ञान लेते हुए सीडीओ ने अधिशासी अभियन्ता विद्युत वितरण खण्ड प्रथम को पुनः आगणन (एस्टीमेट) तैयार कर क्षेत्रीय प्रबन्धक यूपीसीडा वाराणसी से तालमेल बिठाकर अगली बैठक से पहले इस मामले को हल करने का आदेश दिया।

लंका-अलीनगर मार्ग की संकरी सड़क के चौड़ीकरण की उठी मांग
रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन द्वारा बैठक में बताया गया कि फेज-2 में प्रवेश करने के लिए उद्यमियों और उनके मालवाहक वाहनों को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अत्यंत संकरे 'लंका-अलीनगर मार्ग' से होकर गुजरना पड़ता है। यह औद्योगिक क्षेत्र में प्रवेश करने का एकमात्र रास्ता है और इसकी लम्बाई लगभग 900 मीटर है। रास्ता बेहद संकरा होने के कारण ट्रकों के आवागमन में भारी कठिनाई होती है। उद्यमियों ने औद्योगिक वाहनों के सुचारू संचालन के लिए पीडब्ल्यूडी द्वारा इस मार्ग के चौड़ीकरण की पुरजोर मांग की। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने उपायुक्त उद्योग और क्षेत्रीय प्रबन्धक यूपीसीडा वाराणसी को लोक निर्माण विभाग से तत्काल समन्वय स्थापित कर प्राक्कलन स्वीकृत कराने और कार्य जल्द शुरू कराने का निर्देश दिया।

पार्क में जलजमाव और गंदगी से संक्रमण का खतरा
इसके अतिरिक्त, रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन ने अवगत कराया कि औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित पार्क में बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने के कारण वहां अत्यधिक जलजमाव हो गया है। इस दूषित वातावरण की वजह से आसपास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले श्रमिकों और कर्मचारियों में संक्रामक बीमारियों के फैलने की गंभीर संभावना बनी हुई है। सीडीओ ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय प्रबन्धक यूपीसीडा वाराणसी को यथाशीघ्र पार्क के सौंदर्यकरण और जल निकासी का कार्य पूर्ण करने की हिदायत दी। इस महत्वपूर्ण बैठक में उपायुक्त उद्योग राजधारी प्रसाद, मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ), अधिशासी अभियंता विद्युत एवं पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।