चंदौली में भीषण गर्मी को लेकर कलेक्ट्रेट में आपात बैठक; चौराहों पर लगेंगे ग्रीन नेट, बिजली कटौती पर CDO सख्त, स्कूलों में छुट्टी की तैयारी

 

मौसम विभाग द्वारा चंदौली में अत्यधिक तापमान और हीटवेव का रेड अलर्ट जारी होने के बाद CDO आर जगत साईं ने कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्कूलों में अवकाश, बिजली-पानी की निर्बाध आपूर्ति और दोपहर में श्रम कार्यों पर रोक के कड़े निर्देश दिए हैं।

 
 

चंदौली में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी

स्कूलों में अवकाश घोषित करने के निर्देश

दोपहर 12 से 4 बजे तक काम पर रोक

बिजली और जलापूर्ति बाधित न करने की चेतावनी

चौराहों पर लगेंगे ग्रीन नेट और शेड

 चंदौली जिले में लगातार बढ़ रहे अत्यधिक तापमान और भीषण लू (हीटवेव) की स्थिति को देखते हुए मौसम विज्ञान विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। इस गंभीर स्थिति से निपटने और जनहानि को रोकने के लिए मुख्य विकास अधिकारी (CDO) आर जगत साईं की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

 इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने जनसामान्य, दैनिक श्रमिकों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और अन्य संवेदनशील वर्गों को तापीय तनाव व लू की चपेट में आने से सुरक्षित रखने के लिए तत्काल प्रभाव से कई आवश्यक और कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

स्कूलों में अवकाश और कार्य संस्कृति में बदलाव के निर्देश
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा विभाग को अत्यधिक तापमान के मद्देनजर जनपद के विद्यालयों में तत्काल अवकाश घोषित करने के लिए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा है। इसके साथ ही, रेड अलर्ट की इस अवधि में खुले आसमान के नीचे होने वाले निर्माण कार्यों, फैक्ट्रियों के संचालन और अन्य श्रम कार्यों के समय में तत्काल बदलाव करने के निर्देश दिए गए हैं।

 CDO ने स्पष्ट कहा कि दोपहर 12:00 बजे से लेकर शाम 04:00 बजे तक श्रमिकों को सीधी धूप में काम करने से पूरी तरह रोका जाए या इसे न्यूनतम किया जाए। इस नियम का पालन कराने के लिए श्रम विभाग और औद्योगिक इकाइयों को जवाबदेही सौंपी गई है।

सार्वजनिक स्थलों पर कूल शेल्टर और चौराहों पर लगेंगे ग्रीन नेट
आम जनता को राहत देने के लिए नगर निकायों और संबंधित विभागों को सार्वजनिक स्थानों, भीड़-भाड़ वाले बाजारों, बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों और मंदिरों के पास छायादार विश्राम स्थल, कूल शेल्टर, प्याऊ और वाटर टैंकर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख चौराहों पर राहगीरों को राहत देने के लिए ग्रीन नेट या शेड लगाए जाएंगे और सड़कों के किनारों पर धूल व गर्मी को कम करने के लिए वाटर स्प्रिंकलर (पानी का छिड़काव) सक्रिय करने के लिए कहा गया है।

अस्पतालों में आपातकालीन बेड और निर्बाध बिजली आपूर्ति की चेतावनी
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए CDO ने मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) को सभी जिला चिकित्सालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और आंगनवाड़ी केंद्रों में हीट स्ट्रोक व डिहाइड्रेशन के इलाज के लिए जीवन रक्षक दवाइयाँ, ओआरएस, आईवी फ्लूड, कूलिंग बेड और हेल्थ एटीएम की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। एम्बुलेंस सेवा को हाई अलर्ट मोड पर रखा जाएगा। 

इस पर CMO ने आश्वस्त किया कि सभी केंद्रों पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं विद्युत विभाग को कड़े शब्दों में चेतावनी दी गई कि पूरे जिले में निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाए। यदि कहीं भी खराबी की शिकायत मिले, तो तत्काल तकनीकी टीम भेजकर बिजली बहाल की जाए।

गौशालाओं की निगरानी और जन जागरूकता अभियान
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सभी गौशालाओं में पशुओं के लिए ताजे पीने के पानी, छाया, पंखे और तत्काल इलाज की सुविधाएं उपलब्ध रहें और अधिकारी समय-समय पर इसकी भौतिक निगरानी करें। 

अंत में, CDO ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कूड़ा गाड़ियों, माइकिंग और पीए सिस्टम के माध्यम से व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि नागरिक दोपहर 12:00 से 04:00 बजे के बीच घरों से बाहर न निकलें और पर्याप्त मात्रा में जल का सेवन कर सुरक्षित रहें।