चंदौली में IGRS शिकायतों पर ADM की सख्ती, लापरवाही पर अधिकारियों को दी सीधे कार्रवाई की चेतावनी

 

चंदौली में एडीएम वित्त एवं राजस्व ने आईजीआरएस शिकायतों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि बिना मौका मुआयना किए फर्जी आख्या लगाने और लापरवाही बरतने पर सीधी सख्त विभागीय कार्रवाई होगी।

 
 

आईजीआरएस शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण जरूरी

डिफ़ॉल्टर मामलों को शून्य करने के निर्देश

बिना निस्तारण रिपोर्ट लगाई तो होगी कार्रवाई

भूमि विवादों में राजस्व और पुलिस टीम

असंतुष्ट मामलों को री-ओपन कर हल करें

चंदौली जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार, 7 अगस्त 2026 को IGRS (जनसुनवाई) पोर्टल की शिकायतों के निस्तारण को लेकर एक अहम बैठक हुई। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार ने जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर और सही तरीके से समाधान करना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।

डिफ़ॉल्टर श्रेणियों को तुरंत शून्य करने का आदेश
बैठक में एडीएम ने विभागवार पेंडिंग केसों, डिफ़ॉल्टर शिकायतों और खराब निस्तारण की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि पोर्टल पर आने वाली शिकायतों को हल्के में न लें। समयसीमा खत्म होने से पहले ही हर हाल में समस्या का पक्का समाधान करें, ताकि कोई भी मामला डिफ़ॉल्टर श्रेणी में न जाने पाए।

जमीन विवादों में पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम करेगी जांच
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जमीन से जुड़े झगड़ों और अवैध निर्माण की शिकायतों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम अनिवार्य रूप से मौके पर जाकर जांच करे। बिना मौके पर पहुंचे केवल कागजी रिपोर्ट तैयार करने या शिकायतकर्ता को असंतुष्ट छोड़कर केस बंद करने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय होगी और उस पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

असंतुष्ट शिकायतों को री-ओपन कर हल करने के निर्देश
बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि जिन मामलों में शिकायतकर्ता पुलिस या प्रशासन की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं, उन फाइलों को दोबारा री-ओपन किया जाए। ऐसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर दोबारा जांच कर निपटाया जाए। इस मौके पर उपजिलाधिकारी, सभी जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न विकास खंडों के अधिकारी मौजूद रहे।