चंदौली में नेशनल हाईवे पर ARTO की बड़ी स्ट्राइक, ओवरलोडिंग पर 15 ट्रक सीज, 15 लाख का जुर्माना और 646 वाहनों का चालान

 

चंदौली में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर एआरटीओ डॉ. सर्वेश कुमार गौतम ने शिकंजा कसा है। ओवरलोडिंग और अवैध पार्किंग मामले में भारी जुर्माने के साथ ट्रकों को सीज किया गया।

 
 

15 ओवरलोड ट्रक किए गए सीज

15 लाख रुपये का लगा भारी जुर्माना

646 वाहनों का कटा ऑनलाइन चालान

चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस होंगे रद्द

अवैध पार्किंग और बिना हेलमेट कार्रवाई

चंदौली जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए परिवहन विभाग ने एक बड़ा अभियान छेड़ा है। एआरटीओ डॉ. सर्वेश कुमार गौतम के नेतृत्व में की गई इस बड़ी कार्रवाई ने नेशनल हाईवे पर दौड़ने वाले डग्गामार और नियम विरुद्ध वाहनों के मालिकों व चालकों के बीच हड़कंप मचा दिया है।

ओवरलोडिंग पर विभाग का कड़ा प्रहार
पिछले दो दिनों से जिले के विभिन्न संवेदनशील इलाकों जैसे एनएच रिंग रोड, टेंगरा मोड़ और रामनगर बॉर्डर पर परिवहन विभाग द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई ट्रक अपनी निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक माल ढो रहे थे। जांच में 15 ऐसे ट्रक मिले जिन्हें तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। एआरटीओ डॉ. सर्वेश गौतम ने बताया कि कुछ ट्रकों में तो क्षमता से 25 टन तक अधिक माल लदा हुआ था। इस घोर लापरवाही और सड़क सुरक्षा को खतरे में डालने के जुर्म में इन ट्रकों पर कुल 15 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया है।

600 से अधिक वाहनों का कटा चालान
सिर्फ भारी वाहनों पर ही नहीं, बल्कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य वाहनों पर भी विभाग की नजर रही। अभियान के दौरान बिना एचएसआरपी (HSRP) नंबर प्लेट वाले वाहनों, बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों और हाईवे के किनारे अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों को चिन्हित किया गया। विभाग ने कुल 646 वाहनों का ऑनलाइन चालान काटकर उन्हें चेतावनी जारी की है।

लाइसेंस रद्द करने की तैयारी
एआरटीओ डॉ. सर्वेश कुमार गौतम ने सख्त तेवर अपनाते हुए कहा कि जो चालक बार-बार ओवरलोडिंग के दोषी पाए जाएंगे, उनके ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि सड़कों को नुकसान पहुंचाने और लोगों की जान जोखिम में डालने वाले किसी भी वाहन स्वामी या चालक को बख्शा नहीं जाएगा। एआरटीओ ने कहा कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और भविष्य में भी किसी भी प्रकार के दबाव में आए बिना नियमानुसार सख्त विधिक कार्यवाही की जाएगी।