नेशनल पब्लिक स्कूल बबुरी में निबंध प्रतियोगिता: 'सशक्त होती भारत की बेटियां' विषय पर 350 छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

चंदौली के नेशनल पब्लिक स्कूल, बबुरी में बाल दिवस की पूर्व संध्या पर 'सशक्त होती भारत की बेटियां' विषय पर निबंध प्रतियोगिता में 350 छात्रों ने हिस्सा लिया। पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बेटियों के सशक्तिकरण पर विचार रखे गए। 13 नवम्बर को 48 छात्रों को सांसद की उपस्थिति में सम्मानित किया जाएगा।
 

बाल दिवस की पूर्व संध्या पर बबुरी में निबंध प्रतियोगिता: पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन ने नेशनल पब्लिक स्कूल बबुरी में कराया आयोजन

48 छात्रों को 13 नवम्बर को मिलेगा पुरस्कार

चंदौली जिले के बबुरी में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती (बाल दिवस) की पूर्व संध्या पर एक महत्वपूर्ण साहित्यिक आयोजन किया गया। पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में मंगलवार को कस्बा स्थित नेशनल पब्लिक स्कूल में “सशक्त होती भारत की बेटियां” विषय पर एक भव्य निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के 350 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समान अवसर और सामाजिक चेतना पर ज़ोर

प्रतिभागियों ने अपनी लेखनी के माध्यम से समाज में बेटियों की भूमिका, उनके अधिकार, उपलब्धियां और उनके सामने मौजूद चुनौतियों पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए। स्कूल के आठ अलग-अलग कक्षों में यह प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस दौरान स्कूल डायरेक्टर अरुण पाठक और फाउंडेशन प्रबंधक प्रशांत कुमार ने विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। प्रशांत कुमार ने कहा कि यह आयोजन बच्चों की रचनात्मकता और सामाजिक चेतना को बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने बेटियों को समान अवसर और सम्मान देने पर ज़ोर दिया।

शीघ्र घोषित होगा परिणाम

फाउंडेशन के अनुसार, प्रतियोगिता का परिणाम 12 नवम्बर को घोषित किया जाएगा। प्रत्येक कक्षा से प्रथम, द्वितीय, तृतीय और सांत्वना पुरस्कार प्राप्त करने वाले कुल 48 छात्रों को 13 नवम्बर को आयोजित होने वाले “शिक्षा उन्नयन गोष्ठी एवं पुरस्कार वितरण समारोह” में सम्मानित किया जाएगा। 

इस अवसर पर सांसद भदोही सहित अन्य विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में मुश्ताक अहमद, लव सोनकर, अजीत पाठक, अमरदीप गुप्ता, आनंद प्रकाश, अखिलेश कुमार पाठक, अखिलेश दूबे, दुर्गा जायसवाल, रितेश यादव, दिलीप कुमार सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।