बेसिक शिक्षकों और रसोइयों को सरकार का बड़ा तोहफा: 5 लाख का मुफ़्त कैशलेस इलाज और मानदेय में ₹1,000 की बढ़ोतरी
उत्तर प्रदेश सरकार ने बेसिक शिक्षकों, शिक्षामित्रों और रसोइयों को बड़ा तोहफा दिया है। अब इन्हें 5 लाख रुपये तक का मुफ्त कैशलेस इलाज मिलेगा। साथ ही रसोइयों का मानदेय ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 कर दिया गया है।
बेसिक शिक्षकों को कैशलेस इलाज
रसोइयों का मानदेय ₹3000 हुआ
रसोइयों को मिला डिजिटल हेल्थ कार्ड
सांसद दर्शना सिंह का संबोधन
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) August 23, 2026
उत्तर प्रदेश सरकार ने बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों को एक बड़ा तोहफा दिया है। विभाग में तैनात अध्यापकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) के कर्मियों और पीएम पोषण योजना के तहत काम करने वाली रसोइयों को अब सरकारी के साथ-साथ संबद्ध निजी अस्पतालों में भी प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का मुफ़्त कैशलेस इलाज मिलेगा। हालांकि, जो कर्मचारी पहले से आयुष्मान भारत या किसी अन्य सरकारी स्वास्थ्य योजना का लाभ ले रहे हैं, उन्हें इसका दोहरा लाभ नहीं दिया जाएगा।
रसोइयों के मानदेय में ₹1,000 की वृद्धि और डिजिटल हेल्थ कार्ड
जनपद चंदौली में पीएम पोषण (मिड-डे-मील) योजना के तहत कुल 1,267 विद्यालय शामिल हैं, जिनमें 3,851 रसोइया कार्यरत हैं। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि रसोइयों का मानदेय समय-समय पर बढ़ाया गया है। वर्ष 2010 में ₹1,000 प्रति माह से शुरुआत हुई थी, जिसे मार्च 2019 में ₹1,500 और अप्रैल 2022 में बढ़ाकर ₹2,000 किया गया था। अब इसे बढ़ाकर ₹3,000 प्रति माह कर दिया गया है। इसके अलावा यूनिफॉर्म, एप्रन, ग्लव्स और कैप आदि के लिए मिलने वाले ₹500 को भी बढ़ाकर अब ₹1,000 कर दिया गया है।
कलेक्ट्रेट में आयोजित भव्य कार्यक्रम में गूंजा आभार
23 अगस्त 2026 को जनपद चंदौली के कलेक्ट्रेट में आयोजित भव्य कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य सभा सांसद श्रीमती दर्शना सिंह ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विद्यालय की रसोई संभालने वाली रसोइया बहनें बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य की मुख्य धुरी हैं। मानदेय में ₹1,000 की बढ़ोतरी और डिजिटल हेल्थ कार्ड देना केवल वित्तीय सहायता नहीं, बल्कि उनके अथक परिश्रम और समर्पण का सम्मान है।
जनप्रतिनिधियों ने की सरकार के फैसले की सराहना
सैयदराजा के विधायक सुशील सिंह ने भी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और कर्मचारी हितैषी निर्णयों की जमकर सराहना की। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य दिलीप सोनकर, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के लाइव संबोधन को ध्यानपूर्वक देखा और सुना।