BSA का औचक निरीक्षण: बरहनी इलाके में पकड़ा गया स्कूलों का फर्जीवाड़ा, एडमीशन कहीं-पढ़ाई कहीं

 

चंदौली में जिलाधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बरहनी के दो स्कूलों में छापेमारी की। निरीक्षण में 5वीं और 8वीं की मान्यता वाले स्कूल अवैध रूप से 10वीं तक की कक्षाएं संचालित करते पाए गए, जिस पर विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

 
 

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर कार्रवाई

बीएसए सचिन कुमार ने किया स्कूलों का औचक निरीक्षण

बिना मान्यता 10वीं तक कक्षाएं संचालित करना पड़ा भारी

मैरी एजुकेशन और ज्ञान दीप एकेडमी को नोटिस जारी

अवैध संचालन पर होगी कड़ी विभागीय और विधिक कार्रवाई

चंदौली जिले में शिक्षा के नाम पर नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले स्कूलों के खिलाफ प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के कड़े निर्देशों के क्रम में, बुधवार 15 अप्रैल 2026 को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) सचिन कुमार ने विकास खंड बरहनी के विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस आकस्मिक जांच के दौरान दो प्रमुख विद्यालयों में भारी अनियमितताएं और अवैध कक्षा संचालन का मामला उजागर हुआ है।

मैरी एजुकेशन एकेडमी में पकड़ी गई चोरी
निरीक्षण के दौरान बगही स्थित 'मैरी एजुकेशन एकेडमी' में स्थिति चौंकाने वाली मिली। इस विद्यालय के पास केवल कक्षा 1 से 8 तक की ही मान्यता प्राप्त है, लेकिन मौके पर कक्षा 9 और 10 की पढ़ाई भी सुचारू रूप से संचालित होती पाई गई। जब बीएसए ने प्रबंधक और प्रधानाध्यापक से इस संबंध में पूछताछ की, तो उन्होंने स्वीकार किया कि छात्रों का नामांकन दूसरे स्कूलों में कराया गया है, लेकिन कक्षाएं यहीं चलती हैं। यह छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ और नियमों का खुला उल्लंघन है।

ज्ञान दीप एकेडमी में भी मिला अवैध संचालन
इसी क्रम में 'ज्ञान दीप एजुकेशन एकेडमी' सोगई रोड सैयदराजा की जांच की गई। इस विद्यालय के पास केवल कक्षा 1 से 5 तक की मान्यता है। हालांकि, जांच में पाया गया कि यहाँ कक्षा 6 से 8 तक की कक्षाएं भी अवैध रूप से चलाई जा रही थीं। यहाँ भी प्रबंधन ने दलील दी कि छात्रों का रजिस्ट्रेशन कागजों पर दूसरे स्कूलों में है, जबकि शिक्षा का केंद्र यही विद्यालय बना हुआ था।

होगी सख्त विभागीय और विधिक कार्रवाई
बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों विद्यालयों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि केवल उन्हीं कक्षाओं का संचालन किया जाए जिनकी मान्यता विभाग से प्राप्त है। वर्तमान में दोनों विद्यालयों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जा रहा है। बीएसए ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि नोटिस के बाद भी बिना मान्यता के कक्षाएं संचालित पाई गईं, तो नियमानुसार विद्यालय के खिलाफ विधिक और विभागीय कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य निजी स्कूलों में हड़कंप मचा हुआ है।