Eco-Friendly Chandauli: नदियों को कचरा मुक्त करने के लिए लगेंगे 'फ्लोटिंग ट्रैश बैरियर', जल योद्धा दर्शन निषाद को CDO ने किया सम्मानित
चंदौली कलेक्ट्रेट में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में पर्यावरण और गंगा समिति की अहम बैठक हुई। इसमें सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक और नदियों की स्वच्छता हेतु 'फ्लोटिंग ट्रैश बैरियर' पर चर्चा हुई। साथ ही विख्यात गंगा प्रहरी दर्शन निषाद को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
कलेक्ट्रेट सभागार में संयुक्त समीक्षा बैठक
सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्त नियंत्रण
नदियों में लगेंगे फ्लोटिंग ट्रैश बैरियर
सर्वश्रेष्ठ गंगा प्रहरी दर्शन निषाद सम्मानित
वृक्षारोपण लक्ष्य और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन
चंदौली जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आर जगत साई की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति, पर्यावरण समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में जनपद की पारिस्थितिकी को सुधारने, नदियों की स्वच्छता बनाए रखने और आगामी वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।
नदियों को कचरा मुक्त करने की नई तकनीक: फ्लोटिंग ट्रैश बैरियर
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने गंगा और अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता पर विशेष जोर दिया। प्लास्टिक कचरे को नदियों और तालाबों में जाने से रोकने के लिए जिले में 'फ्लोटिंग ट्रैश बैरियर' लगाने के अभिनव प्रयास पर चर्चा की गई। यह बैरियर धार्मिक स्थलों और नदियों के उन हिस्सों में लगाए जाएंगे जहाँ कचरा तैरता हुआ पाया जाता है। इसके लिए जिला पंचायतीराज अधिकारी (DPRO) और नगर निकायों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध और ठोस अपशिष्ट के पृथक्करण के लिए अधिशासी अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
विख्यात गंगा प्रहरी दर्शन निषाद का सम्मान
बैठक का एक मुख्य आकर्षण जिला परियोजना अधिकारी (नमामि गंगे) दर्शन निषाद का सम्मान रहा। दर्शन निषाद, जो गंगा स्वच्छता, डॉल्फिन संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के लिए विख्यात हैं, उन्हें जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्राप्त प्रमाण पत्र से मुख्य विकास अधिकारी ने सम्मानित किया।
सीडीओ आर जगत साई रेड्डी ने दर्शन निषाद की सराहना करते हुए कहा कि, "ऐसे जल योद्धा को सम्मानित करना स्वयं को गौरवान्वित करने जैसा है।" बता दें कि दर्शन निषाद नई दिल्ली में आयोजित 2026 के परेड समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किए गए थे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 'मन की बात' के 100वें एपिसोड में उनके कार्यों की सराहना की थी। दर्शन निषाद ने अब तक अपनी नाव की मदद से बाढ़ के दौरान 20 से अधिक लोगों की जान बचाई है।
वृक्षारोपण और विभागीय लक्ष्यों की समीक्षा
प्रभागीय वनाधिकारी ने शासन द्वारा प्राप्त वृक्षारोपण लक्ष्यों और उनकी तैयारियों का ब्योरा प्रस्तुत किया। सीडीओ ने निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभाग एजेंडा बिंदुओं के तहत शत-प्रतिशत कार्य समय सीमा के भीतर पूर्ण करें। बैठक में डीसी मनरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।