छठ पर हुई 8 मौतों से प्रशासन ने लिया बड़ा सबक, DM-SP की सख्ती से इस बार बिना किसी दुर्घटना के शांतिपूर्ण संपन्न हुआ छठ महापर्व
चंदौली में इस बार जिला प्रशासन और पुलिस की कड़ी मुस्तैदी से छठ महापर्व बिना किसी हादसे के संपन्न हुआ। पिछले साल पूजा के दौरान 8 लोगों की मौत हुई थी।
प्रशासन की मुस्तैदी से टले बड़े हादसे
पिछले साल 8 मौतों से दहला था जिला
छठ घाटों पर रही पुलिस की कड़ी निगरानी
डीएम और एसपी ने खुद संभाली सुरक्षा कमान
सुरक्षित माहौल में श्रद्धालुओं ने दिया अर्घ्य
चंदौली जिले में इस बार लोक आस्था का महापर्व छठ पूरी तरह शांतिपूर्ण और बिना किसी दुर्घटना के सकुशल संपन्न हो गया है। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की कड़ी सतर्कता के चलते इस वर्ष कोई भी अप्रिय घटना नहीं हुई। गौरतलब है कि पिछले साल छठ पूजा के दौरान हुए अलग-अलग दर्दनाक हादसों में कुल आठ लोगों की मौत हो गई थी, जिससे पूरा जनपद दहल उठा था। उन पुरानी घटनाओं से सबक लेते हुए इस बार प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे, जिसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिला।
पिछले साल हाईवे हादसे में खत्म हुआ था परिवार
पिछले वर्ष छठ पूजा के दौरान हुई तीन बड़ी घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था। अलीनगर थाना क्षेत्र में 28 अक्टूबर की सुबह करीब 4:30 से 5 बजे के बीच रेवसां-पचफेड़वा गांव के पास नेशनल हाईवे किनारे अर्घ्य देने जा रहे एक ही परिवार के तीन लोगों को तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने रौंद दिया था। इस भीषण हादसे में 50 वर्षीय कुमारी देवी, उनकी 27 वर्षीय बहू चांदनी और सात वर्षीय पोते सौरभ कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी। एक साथ तीन लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया था।
नाव पलटने और तालाब में डूबने से गई थी पांच जानें
इसके अलावा पिछले साल 27 अक्टूबर की शाम बबुरी थाना क्षेत्र के कोदोचक घाट पर चंद्रप्रभा नदी में छह युवक नाव पर सवार होकर सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में पलट गई। इस हादसे में तीन युवक तो किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए थे, लेकिन तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई थी। वहीं, धीना थाना क्षेत्र में छठ पूजा के दौरान तालाब में डूबने से सिद्धार्थ उर्फ शनि की जान चली गई थी, जबकि धानापुर और चकिया थाना क्षेत्र में भी डूबने से एक-एक व्यक्ति की मौत हुई थी।
डीएम और एसपी ने खुद संभाली सुरक्षा की कमान
पिछले वर्ष की इन दर्दनाक घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए इस बार जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सख्ती बरती। जिले के सभी छोटे-बड़े छठ घाटों पर भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसके साथ ही गहरे पानी वाले स्थानों की बैरिकेडिंग कर वहां खास निगरानी रखी गई और तालाबों में अनावश्यक स्नान करने वालों को सख्ती से रोका गया।
सकुशल संपन्न हुआ महापर्व, प्रशासन ने ली राहत की सांस
पूरे पर्व के दौरान डीएम और एसपी स्वयं अलग-अलग घाटों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की लगातार सक्रियता के कारण श्रद्धालुओं ने पूरी तरह सुरक्षित और भयमुक्त माहौल में उगते और डूबते सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इस बार छठ महापर्व का दुर्घटना विहीन संपन्न होना जिला प्रशासन के लिए बड़ी राहत और पिछले हादसों से ली गई सीख का बेहतर परिणाम माना जा रहा है।