घूसखोर बाबू ने ANM को रुलाया, रिलीविंग ऑर्डर के नाम पर मांगता रहा मोटी रिश्वत
चंदौली CMO कार्यालय में रिश्वतखोरी का मामला
ट्रांसफर रिलीविंग के लिए रोई महिला ANM
घूसखोर बाबू पर मोटी रकम मांगने का आरोप
पीड़ित महिला ने सीएमओ से सुनाई व्यथा
मीडिया के विरोध के बाद मिला रिलीविंग ऑर्डर
चंदौली जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय में गुरुवार को उस वक्त अजीब स्थिति बन गई, जब वाराणसी स्थानांतरित हुई एक महिला एएनएम (ANM) रिलीविंग ऑर्डर पाने के लिए दिन भर भटकती रही। जब सिस्टम और बाबुओं की घूसखोरी से वह थक-हार गई, तो दफ्तर की वेटिंग चेयर पर बैठकर फूट-फूटकर रोने लगी।
वाराणसी ट्रांसफर के बाद रिलीविंग की जंग
स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत महिला एएनएम का तबादला वाराणसी जिले के लिए हो चुका है। नियम के मुताबिक, नई जगह जॉइन करने के लिए सीएमओ दफ्तर से रिलीविंग ऑर्डर मिलना जरूरी था। इसी कागजी प्रक्रिया को पूरा कराने के लिए महिला कर्मचारी गुरुवार सुबह से ही दफ्तर के चक्कर काट रही थी।
बाबू ने मांगी घूस तो एएनएम ने जताई मजबूरी
पीड़ित महिला का आरोप है कि सीएमओ कार्यालय में तैनात बाबू केशव ने रिलीविंग लेटर जारी करने के बदले उससे मोटी रिश्वत की मांग की। महिला ने कुछ रुपये देने की बात कही भी, लेकिन बाबू अधिक पैसों की मांग पर अड़ा रहा। पैसे न मिलने पर उसका काम अटका दिया गया और वह घंटों दफ्तर में परेशान होती रही।
इस घटना का वीडियो देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें
सीएमओ से गुहार के बाद भी मिला दर्द
परेशान महिला कर्मचारी ने बाद में मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मुलाकात की और अपनी पूरी आपबीती सुनाई। सीएमओ ने आश्वासन दिया कि बाहर बैठिए, आदेश मिल जाएगा। इसके बावजूद जब लंबे समय तक कागजात नहीं मिले, तो महिला का सब्र टूट गया और वह बाहर कुर्सी पर ही रो पड़ी।
मीडिया के पहुंचते ही बैकफुट पर आए बाबू
महिला को रोता देख दफ्तर में मौजूद लोगों और मीडिया कर्मियों का ध्यान उसकी ओर गया। मीडिया ने जब इस भ्रष्टाचार का कड़ा विरोध शुरू किया, तो सीएमओ दफ्तर में हड़कंप मच गया। खुद को फंसता देख आरोपित बाबू केशव ने आनन-फानन में रिलीविंग ऑर्डर तैयार किया और महिला के हाथ में थमा दिया।