डीएम चंद्र मोहन गर्ग के सख्त निर्देश, रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 मार्ग का चौड़ीकरण जल्द करें पूरा।

 

चंदौली कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की बैठक संपन्न हुई। डीएम ने रामनगर औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और स्वरोजगार योजनाओं के आवेदनों का त्वरित निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में बैठक

रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 मार्ग का चौड़ीकरण

डाबरिया में सीबीजी प्लांट के लिए सड़क निर्माण

निवेश मित्र पोर्टल प्रकरणों की गहन समीक्षा

मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में तेजी के निर्देश

चंदौली जनपद के औद्योगिक विकास को रफ्तार देने और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से गुरुवार, 26 फरवरी 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस जिला उद्योग बंधु की बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों को अधिक आकर्षक, सुविधायुक्त और आधुनिक बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

बुनियादी ढांचे के विकास पर डीएम के सख्त निर्देश
बैठक के दौरान बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई अहम समस्याओं पर चर्चा हुई। रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 के प्रवेश मार्ग (लोक निर्माण विभाग के लंका-अलीनगर मार्ग) के चौड़ीकरण की समस्या को गंभीरता से लेते हुए, जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) को निर्देशित किया कि इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए। इसके साथ ही, ग्राम डाबरिया (धानापुर) में स्थापित हो रहे नए सीबीजी (CBG) प्लांट के लिए लगभग दो किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण की मांग उठाई गई थी। इस पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने अवगत कराया कि सड़क निर्माण का कार्य प्रगति पर है और इसे शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा।

लंबित न रहें योजना के आवेदन: डीएम
जिलाधिकारी ने बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ऋण स्वीकृति व वितरण कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि इन महत्वपूर्ण योजनाओं के अंतर्गत आने वाले आवेदनों को किसी भी दशा में बेवजह पेंडिंग (लंबित) न रखा जाए। सभी आवेदनों की नियमानुसार जांच कर उन्हें समय से स्वीकृत किया जाए ताकि युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा सके।

स्थल निरीक्षण कर समस्याओं का करें निस्तारण
डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि उद्यमियों से प्राप्त शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण न हो, बल्कि अधिकारी स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का हर संभव समाधान निकालें। उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएं ताकि जिले में निवेश और निर्यात गतिविधियों को प्रभावी रूप से बढ़ाया जा सके। इस महत्वपूर्ण बैठक में अधिषासी अभियंता (विद्युत), रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया के प्रमुख उद्यमी और संबंधित विभागों के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।