चंदौली में DM का कड़ा रुख: धानापुर BEO पर इसलिए गुस्से से लाल हो गए डीएम साहब, कस्तूरबा विद्यालयों के अधूरे निर्माण पर भड़के
चंदौली कलेक्ट्रेट में डीएम चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला शिक्षा समिति की बैठक हुई। कम नामांकन पर धानापुर BEO से स्पष्टीकरण मांगा गया, वहीं कस्तूरबा विद्यालयों के अधूरे निर्माण पर उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन को कड़ी फटकार लगाई गई।
धानापुर खंड शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण
परिषदीय विद्यालयों में कम नामांकन पर नाराजगी
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय निर्माण में देरी
निपुण भारत मिशन और कायाकल्प की समीक्षा
15 वर्ष से अधिक असाक्षरों के लिए अभियान
चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान बेसिक शिक्षा विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं, स्कूलों की शैक्षणिक स्थिति और बुनियादी सुविधाओं की बिंदुवार जांच की गई। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जिले में शिक्षा का स्तर बेहतर बनाना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।
धानापुर बीईओ पर गिरी गाज, नामांकन में कमी पर जताई नाराजगी
समीक्षा के दौरान जब परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के नामांकन के आंकड़े सामने आए, तो लक्ष्य से कम नामांकन देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। विकास कार्यों और शिक्षा विभाग के क्रियान्वयन में लापरवाही मिलने पर उन्होंने धानापुर के खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) की कार्यशैली पर सवाल उठाए और तत्काल स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अन्य खंड शिक्षा अधिकारियों को भी चेतावनी दी गई। बरहनी विकास खंड में डेटा एंट्री और कार्यों में ढिलाई पर भी BEO को कड़ी चेतावनी दी गई।
अधूरे निर्माण कार्यों पर यूपी प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन को फटकार
बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के निर्माणाधीन भवनों की समीक्षा की गई। समय सीमा बीत जाने के बाद भी एकेडमिक और हॉस्टल भवनों का निर्माण अधूरा पाए जाने पर डीएम ने उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड वाराणसी के अभियंताओं और ठेकेदारों पर नाराजगी जताई। इसके अलावा, मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय हंडा के निर्माण में देरी पर भी कार्यदायी संस्था को तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और 100% साक्षरता पर जोर
डीएम ने 'ऑपरेशन कायाकल्प' के तहत पेयजल, शौचालय, बिजली और रसोईघर जैसी सुविधाओं को समय पर पूरा करने का आदेश दिया। साथ ही 'निपुण भारत मिशन' के तहत बच्चों के सीखने के स्तर और मध्याह्न भोजन (MDM) की गुणवत्ता बनाए रखने को कहा। जिले में 15 वर्ष या उससे अधिक आयु के निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने के लिए नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राउंड जीरो पर जाकर निरीक्षण करने में कोई ढिलाई न बरती जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, सभी खंड विकास अधिकारी (BDO), खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और जिला समन्वयक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।