स्कूलों के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइनें हटाने का फरमान, देखिए कितने दिन में सुना जाता है आदेश
विद्यालयों के ऊपर से हाई टेंशन लाइन
डीएम चंद्र मोहन गर्ग की सख्ती
चंदौली में स्कूली बच्चों की सुरक्षा
विद्युत विभाग के अधिकारियों को चेतावनी
चंदौली जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य एजेंडा जिले के परिषदीय प्राथमिक, राजकीय उच्च प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन (LT) लाइनों को सुरक्षित रूप से हटाना था। बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से यह मुद्दा बेहद संवेदनशील माना जा रहा है।
सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े
बैठक के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार और जिला विद्यालय निरीक्षक ने जानकारी दी कि जनपद में लगभग 92 ऐसे विद्यालय हैं, जिनके ठीक ऊपर से बिजली की हाई टेंशन लाइनें गुजर रही हैं। सुरक्षा की दृष्टि से इन लाइनों का वहां से हटना बेहद जरूरी है ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
डीएम की कड़ी नाराजगी और निर्देश
समीक्षा के दौरान जब जिलाधिकारी ने पाया कि पहले निर्देश दिए जाने के बावजूद विद्युत विभाग की तरफ से कोई संतोषजनक काम नहीं किया गया है, तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। डीएम ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्राथमिकता के आधार पर युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर इन तारों को तुरंत हटाया जाए और विद्यालयों को पूरी तरह सुरक्षित किया जाए।
बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि
जिलाधिकारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि स्कूली बच्चों की जान और उनकी सुरक्षा हम सभी का सबसे पहला और सर्वोपरि दायित्व है। इस मामले में किसी भी स्तर पर जरा सी भी ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि इस कार्य को विशेष अभियान के रूप में जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
कार्यों में लापरवाही पर अल्टीमेटम
विद्युत विभाग के अधिकारियों के ढीले रवैये से नाराज डीएम ने निर्देश दिया कि सभी संबंधित अधिकारियों से काम पूरा होने की निश्चित तिथि लिखित रूप में ली जाए और उन्हें चेतावनी पत्र जारी किया जाए। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं को निर्देश दिए कि वे इस पूरे मामले की नियमित मॉनिटरिंग करें। साथ ही यह भी कहा कि यदि कोई एक्सियन (Executive Engineer) लापरवाही बरतता है तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए और उसके उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी जाए।
बैठक में रहे ये अधिकारी मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के साथ-साथ सभी खंड शिक्षा अधिकारी, बिजली विभाग के सभी एक्सियन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।