UP Home Guard Exam 2026: कड़ी सुरक्षा और ड्रोन की निगरानी में दूसरे दिन 6138 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, देखें आँकड़े
चंदौली में होमगार्ड भर्ती परीक्षा दूसरे दिन शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। 11 केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में जहाँ 6138 अभ्यर्थी शामिल हुए, वहीं 2118 ने परीक्षा छोड़ दी। सीसीटीवी और ड्रोन की निगरानी में प्रशासन ने नकल विहीन परीक्षा सुनिश्चित की।
चंदौली के 11 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा
ड्रोन और सीसीटीवी से सघन निगरानी
2118 अभ्यर्थियों ने छोड़ी होमगार्ड परीक्षा
पारदर्शी और नकल विहीन परीक्षा संपन्न
एएसपी और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती
चंदौली जनपद में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के कुशल मार्गदर्शन में दो दिवसीय होमगार्ड भर्ती परीक्षा का आयोजन रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। दूसरे दिन की परीक्षा पूरी तरह से निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण रही। प्रशासन की सख्ती और आधुनिक तकनीक के प्रयोग के कारण कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या गड़बड़ी की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
दूसरे दिन 2118 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा
परीक्षा के आँकड़ों पर गौर करें तो जिले के कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर पंजीकृत अभ्यर्थियों की संख्या 8256 थी, लेकिन परीक्षा देने के लिए केवल 6138 अभ्यर्थी ही पहुँचे। कुल 2118 अभ्यर्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया। रविवार को आयोजित दो पालियों में कुल 4128 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। पहली पाली में 4128 में से 3033 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 1095 अनुपस्थित पाए गए। वहीं, दूसरी पाली में 3105 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 1023 नदारद रहे।
तकनीक और सुरक्षा का अभेद्य पहरा
भर्ती प्रक्रिया को नकल विहीन और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे। एएसपी अनंत चंद्रशेखर के अनुसार, सभी केंद्रों पर पुलिस बल की भारी तैनाती की गई थी। प्रत्येक केंद्र को सीसीटीवी कैमरों से कवर किया गया था, साथ ही केंद्रों के आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का उपयोग किया गया। अभ्यर्थियों को सघन तलाशी के बाद ही केंद्रों के भीतर प्रवेश की अनुमति दी गई, जिससे परीक्षा की शुचिता बनी रही।
चक्रमण करते रहे अधिकारीगण
परीक्षा के दौरान व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट और उच्च अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का चक्रमण करते रहे। एएसपी ने पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए थे कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए। सेक्टर मजिस्ट्रेटों की सक्रियता और पर्याप्त पुलिस बल के चलते अभ्यर्थियों को भी किसी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। इस प्रकार चंदौली जनपद में दो दिवसीय होमगार्ड भर्ती महाकुंभ का शांतिपूर्ण समापन हुआ। अब अभ्यर्थियों को परिणामों का बेसब्री से इंतजार है।