चंदौली में बढ़ा HPV टीके का क्रेज: एक ही दिन में 874 बेटियों को लगा सर्वाइकल कैंसर से बचाव का टीका
चंदौली में सर्वाइकल कैंसर से बेटियों को बचाने के लिए चल रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को एक ही दिन में 874 बालिकाओं को मुफ्त टीका लगाया गया, जो बढ़ता जनसमर्थन दर्शाता है।
एक दिन में 874 बेटियों को टीका
235 स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर चले विशेष सत्र
सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी साधन
14 से 15 साल की लड़कियों को फ्री टीका
चंदौली जिले में बालिकाओं को जानलेवा सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने के लिए चलाया जा रहा एचपीवी (HPV-Vaccination) टीकाकरण अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस मुहिम को आम लोगों का शानदार समर्थन मिल रहा है। शुक्रवार, 19 जून 2026 को जिले के कुल 235 स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों के जरिए महज एक दिन में ही 14 से 15 वर्ष की आयु वर्ग की 874 बालिकाओं को एचपीवी का सुरक्षा कवच दिया गया।
जागरूकता अभियान से बढ़ा लोगों का भरोसा
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में अब तक 348 सत्रों का आयोजन कर कुल 1,242 बालिकाओं को यह टीका लगाया जा चुका है। पहले जूड़ी स्थित पॉलीटेक्निक केंद्र पर केवल 10 से 12 बालिकाओं का ही टीकाकरण हो पाया था, लेकिन शुक्रवार को अचानक बढ़ी संख्या ने यह साफ कर दिया है कि लोगों के बीच जागरूकता बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 9 जून 2026 से ही लगातार जमीनी स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसका सीधा असर अब जमीनी स्तर पर दिखने लगा है।
पूरी तरह सुरक्षित और असरदार है यह सुरक्षा कवच
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की मुख्य वजह एचपीवी संक्रमण ही है। सही उम्र में यह टीका लगवा लेना इस गंभीर बीमारी से बचने का सबसे आसान, सुरक्षित और प्रभावी तरीका है। स्वास्थ्य विभाग ने साफ किया है कि यह टीका चिकित्सा मानकों के अनुसार पूरी तरह से सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाला है। दुनिया के 100 से अधिक देशों में इसका सफल इस्तेमाल हो रहा है और वैज्ञानिक रूप से इसके कोई भी गंभीर साइड इफेक्ट यानी दुष्प्रभाव सामने नहीं आए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की अपील: बेटियों को जरूर लगवाएं टीका
सरकार की ओर से 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को यह जीवनरक्षक टीका बिल्कुल मुफ्त लगाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रम अधिकारी ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण जरूर करवाएं। इस अभियान का एकमात्र मकसद जिले की बेटियों को एक सेहतमंद और सुरक्षित भविष्य देना है। इस टीके और सत्रों की अधिक जानकारी अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता से आसानी से ली जा सकती है।