Chandauli Apprentice Mela 2026: ITI पास युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा मौका, 17 नवंबर को रेवसा में  अप्रेंटिस मेला

 

चंदौली में छठ पर्व के स्थानीय अवकाश के कारण राजकीय आईटीआई रेवसा में लगने वाला अप्रेंटिस मेला अब 17 नवंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे आयोजित होगा।

 
 

छठ अवकाश से बदली मेले की तिथि

अब 17 नवंबर को लगेगा अप्रेंटिस मेला

सुबह 10:30 बजे रेवसा आईटीआई में आयोजन

बड़ी ऑटोमोबाइल व निजी कंपनियां लेंगी हिस्सा

आईटीआई पास युवक-युवतियों को मिलेगा रोजगार अवसर

चंदौली जिले के बेरोजगार युवाओं और आईटीआई पास अभ्यर्थियों के लिए एक बेहद जरूरी सूचना सामने आई है। जनपद में छठ पर्व के अवसर पर 16 नवंबर को स्थानीय अवकाश घोषित होने के कारण राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), रेवसा चंदौली में लगने वाले अप्रेंटिस मेले की तारीख में बदलाव कर दिया गया है। अब यह अप्रेंटिस मेला 17 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। मेले की शुरुआत सुबह 10:30 बजे से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, चंदौली के परिसर में होगी, जहां युवाओं को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर मिलेगा।

नामचीन कंपनियां करेंगी शिरकत, युवाओं को मिलेगा अप्रेंटिसशिप का मौका
इस संबंध में जानकारी देते हुए राजकीय आईटीआई रेवसा के प्रधानाचार्य अजय कुमार ने बताया कि 17 नवंबर को लगने वाले इस अप्रेंटिस मेले में कई बड़ी और प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेने आ रही हैं। इनमें मुख्य रूप से SUBROS Ltd., SUN SHIN ग्लोबल इंटरप्राइजेज और मकिनो ऑटो मोबाइल प्राइवेट लिमिटेड सहित अन्य प्रमुख कंपनियां शामिल हैं। इन कंपनियों के प्रतिनिधि मौके पर ही योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगे और उन्हें अप्रेंटिसशिप करने का शानदार अवसर प्रदान करेंगे।

सरकारी और निजी आईटीआई के इन ट्रेड के युवा ले सकते हैं हिस्सा
प्रधानाचार्य ने बताया कि इस मेले में इलेक्ट्रिशियन, फिटर, मैकेनिक कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, वेल्डर, प्लंबर, ड्राफ्ट्समैन मैकेनिकल, मैकेनिक आरएसी, मैकेनिक डीजल और कोपा समेत अन्य विभिन्न व्यवसायों से आईटीआई उत्तीर्ण युवक एवं युवतियां प्रतिभाग कर सकते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि इस मेले में सरकारी के साथ-साथ निजी आईटीआई संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके अभ्यर्थियों को भी बराबर का अवसर दिया जाएगा।

जरूरी दस्तावेज और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जान लें
जो भी इच्छुक अभ्यर्थी सरकारी या निजी कार्यालयों व प्रतिष्ठानों में अप्रेंटिसशिप करना चाहते हैं और जिनका अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर पहले से पंजीकरण है, वे 17 नवंबर को सुबह 10:30 बजे अपने सभी शैक्षिक और प्रशिक्षण प्रमाणपत्रों तथा पासपोर्ट साइज फोटो के साथ संस्थान परिसर में जरूर पहुंचें। वहीं, जिन युवाओं ने अभी तक अपना रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, वे भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट www.apprenticeshipindia.org पर जाकर अपना पंजीकरण करा लें और उसके बाद मेले में हिस्सा लें। प्रधानाचार्य अजय कुमार ने जिले के अधिक से अधिक आईटीआई पास युवाओं से इस मौके का लाभ उठाने की अपील की है।