शराब के नशे में धुत दबंगों ने अधिवक्ता पर किया जानलेवा हमला, लात-घूंसों से जमकर पीटा
मनबढ़ युवकों ने अधिवक्ता पर किया जानलेवा हमला
अधिवक्ता पर लात-घूंसे और थप्पड़ों से किया हमला
बैठक रेस्टोरेंट के बाहर देर रात हुई वारदात
जेब से नगदी लूटने का भी आरोप
पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज किया
चंदौली जिले के सदर थाना क्षेत्र में देर रात एक अधिवक्ता पर हुए जानलेवा हमले ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। जानकारी के अनुसार यह वारदात सोमवार देर रात लगभग 12:40 बजे बैठक रेस्टोरेंट के बाहर उस समय हुई, जब अधिवक्ता किसी कार्य से वहां पहुंचे थे। इसी दौरान नशे में धुत कुछ मनबढ़ युवकों ने उन्हें घेर लिया और बिना किसी कारण बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपितों ने अधिवक्ता पर लात-घूंसों और थप्पड़ों से टूट पड़े और उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
पीड़ित अधिवक्ता के अनुसार, मारपीट के दौरान आरोपित युवकों ने उनकी जेब में रखी नगदी भी छीन ली। गंभीर अवस्था में पड़े अधिवक्ता को स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। चिकित्सकों ने बताया कि अधिवक्ता के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित की तहरीर के आधार पर सुसंगती धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद भी आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश और सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात शराब के नशे में उत्पात की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिन पर तत्काल अंकुश लगाना आवश्यक है। पुलिस ने आरोपित युवकों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।