मत्स्य विभाग की इन 3 बड़ी सरकारी योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, जानें चंदौली में कब तक है आखिरी तारीख
चंदौली जिले के मछली पालकों के लिए खुशखबरी है। मत्स्य विभाग की तीन बड़ी सरकारी योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं, जिसमें नाव और एरेशन सिस्टम पर भारी अनुदान मिलेगा। जल्द करें आवेदन!
मत्स्य विभाग की योजनाएं शुरू
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया हुई लाइव
बोट और एरेशन पर सब्सिडी
28 जून तक मौका उपलब्ध
पुराने निरस्त आवेदक फिर योग्य
चंदौली जिले के मछली पालकों और इस व्यवसाय से जुड़ने वाले इच्छुक नागरिकों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार का मत्स्य विभाग एक शानदार मौका लेकर आया है। जिले के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (मत्स्य) रामलाल निषाद ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य सेक्टर की तीन बेहद महत्वपूर्ण और बड़ी योजनाओं के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य जिले में मछली पालन को बढ़ावा देना और स्थानीय मछुआरों व पालकों की आमदनी को दोगुना करना है।
इन 3 बड़ी योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ
सरकार की ओर से इस बार मुख्य रूप से तीन बड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है। पहली योजना 'मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना' है, जो मछली पालन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी। दूसरी सबसे लोकप्रिय योजना 'निषादराज बोट सब्सिडी योजना' है, जिसके तहत पात्र लोगों को नाव खरीदने के लिए भारी अनुदान (सब्सिडी) दिया जाएगा। वहीं तीसरी योजना 'सघन मत्स्य पालन हेतु एरेशन सिस्टम की स्थापना' है, जिससे तालाबों में आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर मछलियों का उत्पादन बढ़ाया जा सकेगा।
तारीखों का रखें ध्यान: 28 जून है अंतिम मौका
अगर आप भी इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहते हैं, तो समय सीमा का विशेष ध्यान रखें। इन सभी योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 08 जून 2026 से शुरू हो चुकी है, जो आगामी 28 जून 2026 तक जारी रहेगी। इच्छुक आवेदकों को विभागीय पोर्टल [http://fisheries.up.gov.in](http://fisheries.up.gov.in) पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने साफ किया है कि यदि कोई व्यक्ति एक से अधिक योजना का लाभ लेना चाहता है, तो उसे हर योजना के लिए अलग-अलग आवेदन करना होगा।
पुराने आवेदकों को भी मौका: यहाँ मिलेगी पूरी जानकारी
विभाग ने इस बार उन लोगों को भी राहत दी है जिनके आवेदन पिछले वर्षों में किसी कारणवश निरस्त या वेटिंग (प्रतिक्षारत) लिस्ट में रह गए थे; वे सभी लोग दोबारा नए सिरे से आवेदन कर सकते हैं। योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी जैसे कुल इकाई लागत, जरूरी दस्तावेज और आवेदन की बारीकियां विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा लोग किसी भी कार्य दिवस में चंदौली स्थित 'सहायक निदेशक मत्स्य कार्यालय' जाकर सीधे अधिकारियों से मिलकर मुफ्त जानकारी ले सकते हैं।