KVK में सजा जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव: ADM रतन वर्मा ने किया शुभारंभ, गिनाए मिलेट्स के फायदे

 

चंदौली कृषि विज्ञान केंद्र में मिलेट्स महोत्सव और खरीफ उत्पादकता गोष्ठी का आयोजन हुआ। एडीएम रतन वर्मा ने कार्यक्रम की शुरुआत की। वैज्ञानिकों और कृषि अधिकारियों ने किसानों को श्री अन्न, जैविक खेती और सोलर पंप अपनाने के फायदे बताए।

 
 

चंदौली में लगा जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव

एडीएम रतन वर्मा ने किया उद्घाटन

ज्वार-बाजरा और सावां के बताए फायदे

सोलर पंप और यंत्रीकरण पर जोर

जैविक खेती अपनाने की अपील

चंदौली जिले के कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में आज एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन योजना के तहत न्युट्री सीरियल्स घटक के अंतर्गत जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव, खरीफ उत्पादकता गोष्ठी और आत्मा कृषक भ्रमण कार्यक्रम का एक साथ आयोजन हुआ। इस आयोजन में जिले भर से आए किसानों ने नई कृषि तकनीकों को समझने में गहरी रुचि दिखाई।

एडीएम रतन वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा रहे। उन्होंने प्रांगण में विभिन्न विभागों और किसान संगठनों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टालों का बहुत ही बारीकी से अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने विधिवत दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और किसानों का हौसला बढ़ाया।

वैज्ञानिकों ने बताए मिलेट्स उगाने के वैज्ञानिक तरीके
कृषि विज्ञान केंद्र चंदौली के अध्यक्ष व वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नरेंद्र रघुवंशी ने मिलेट्स यानी मोटे अनाज की फसलों की वैज्ञानिक उत्पादन तकनीक और उससे होने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही उद्यान विभाग के श्री शीतल वर्मा ने मिलेट्स के साथ-साथ फल, फूल और सब्जियों की खेती करने और उनमें लगने वाले कीट व रोगों से बचाव के तरीके साझा किए।

खेती में विविधीकरण और आधुनिक तकनीकों पर जोर
बीज विकास निगम वाराणसी के डॉ. योगेंद्र यादव ने किसानों को खेती में विविधीकरण अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं शिवनंदम् फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी धानापुर के अध्यक्ष श्री रमेश सिंह ने मक्का, तिलहन, मिलेट्स और डीएसआर (DSR) विधि से बुवाई की जानकारी दी। अवर अभियंता श्री मनासिंह कुशवाहा ने कृषि यंत्रीकरण और जायद की फसलों में सिंचाई की समस्या दूर करने के लिए सोलर सिंचाई पंप लगाने के लिए प्रेरित किया।

बीमारियों से बचाएगा श्री अन्न, जैविक खेती अपनाने की अपील
उप कृषि निदेशक, चंदौली ने मानव जीवन में बढ़ रही बीमारियों से बचाव के लिए श्री अन्न फसलों जैसे ज्वार, बाजरा, सावां, कोदों और कुटकी के औषधीय गुणों के बारे में बताया। उन्होंने सभी किसान भाइयों से श्री अन्न की खेती करने और जैविक व प्राकृतिक खेती अपनाने की जोरदार अपील की।

अधिकारियों और प्रगतिशील किसानों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर उप कृषि निदेशक, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, प्रतिनिधि जिला उद्यान अधिकारी और कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मौजूद रहे। इनके अलावा कृषि विभाग के सभी कर्मचारी और क्षेत्र के प्रगतिशील किसान जैसे श्री रतन सिंह, श्री रिपुसूदन पांडेय, श्री रमेश सिंह सहित बड़ी संख्या में कृषक शामिल हुए।

उप कृषि निदेशक ने धन्यवाद देकर किया समापन
कार्यक्रम के अंत में उप कृषि निदेशक, चंदौली ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन योजना के तहत आयोजित इस मिलेट्स महोत्सव में आए सभी किसानों का आभार जताया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टाल लगाने वाले प्रतिनिधियों, उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और आत्मा योजना के तहत भ्रमण पर आए किसानों को धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यक्रम के समापन की आधिकारिक घोषणा की।