खाकी कर रही रिश्तों को मजबूत: चंदौली में मिशन शक्ति केंद्र ने 197 बिछड़े दंपत्तियों को मिलाया
चंदौली पुलिस के मिशन शक्ति केंद्र ने 22 सितंबर से 9 नवंबर 2025 तक 197 बिछड़े दंपत्तियों को पुनः एकजुट कराया। एसपी आदित्य लांग्हे के निर्देश पर पारिवारिक विवादों को सुलझाया गया। महिला थाना में सबसे ज्यादा 52 मामलों का सुलह हुआ।
चंदौली पुलिस का सराहनीय प्रयास
कानून व्यवस्था के साथ पारिवारिक सुलह
थानों पर मिशन शक्ति केंद्र बना टूटे रिश्तों का सहारा
मिशन शक्ति के तहत 197 टूटे रिश्तों में फिर लौटी खुशियां
चंदौली जिले में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही खाकी अब टूटते रिश्तों को भी जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रही है। जनपद के समस्त थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र द्वारा “मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0” के तहत बिछड़े दंपत्तियों को समझा-बुझाकर पुनः एक साथ रहने के लिए राजी कराया जा रहा है, जिससे परिवारों के बीच खुशियां लौट रही हैं।
197 परिवारों में लौटी खुशियां
22 सितंबर 2025 से 9 नवंबर 2025 तक की अवधि में, मिशन शक्ति केंद्रों ने अथक प्रयास से कुल 197 बिछड़े दंपत्तियों को पुनः एक साथ रहने के लिए राजी किया। इस पहल में महिला थाना सबसे आगे रहा, जहां 52 मामले सुलझाए गए। इसके अलावा, थाना अलीनगर (23), थाना मुगलसराय (22), थाना चन्दौली (20), थाना धानापुर (15), थाना बबुरी (14), और थाना शहाबगंज (13) ने भी सकारात्मक भूमिका निभाई।
पारिवारिक मूल्यों का महत्व समझाया
मिशन शक्ति केंद्र पर पति और परिजनों के विरुद्ध पारिवारिक विवाद के संबंध में दिए गए प्रार्थना पत्रों पर दोनों पक्षों को नोटिस या मोबाइल द्वारा सूचित कर बुलाया गया। उन्हें पारिवारिक मूल्यों एवं रिश्तों के महत्व को समझाते हुए काउंसलिंग दी गई। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से अपनी बीती हुई बातों और गलतियों को स्वीकार किया, तथा नये सिरे से पुनः पति/पत्नी की तरह एक दूसरे का सम्मान करते हुए रहने को तैयार हुए। चंदौली पुलिस ने इस तरह टूटते हुए रिश्तों को बचाते हुए दंपत्ति को उनके परिजनों के साथ राजी खुशी घर भेजा।