सैयदराजा में हत्याकांड: पुलिस को गुमराह करने वाला साथी ही संदेह के घेरे में, 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज

सीओ सदर देवेंद्र कुमार की प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने कुल छह लोगों को चिन्हित करते हुए विनायक सिंह को भी मुजरिम बनाते हुए मुकदमा दर्ज किया है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
 


हत्याकांड को एक्सीडेंट बताने वाला साथी पुलिस के संदेह के घेरे में


घायल पर भी पुलिस को गुमराह करने के आरोप में मुकदमा दर्ज


काजीपुर हत्याकांड में 6 लोगों को चिन्हित करके हो रही कार्रवाई


मृतक के घायल साथी विनायक सिंह पर पुलिस का शक गहराया


 कॉल डिटेल की जांच के साथ हिरासत में पूछताछ जारी

चंदौली जिले के सैयदराजा थाना के काजीपुर गाँव में रविवार देर रात शराब ठेके पर हुई हत्या के मामले में एक चौंकाने वाला मोड़ आया है। इस पूरी घटना में पुलिस को गुमराह करने वाला मृतक का साथी विनायक सिंह ही अब पुलिस के संदेह के घेरे में आ गया है। सीओ सदर देवेंद्र कुमार की प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने कुल छह लोगों को चिन्हित करते हुए विनायक सिंह को भी मुजरिम बनाते हुए मुकदमा दर्ज किया है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

शराब ठेके पर हुई थी मारपीट में हत्या
रविवार देर रात काजीपुर गाँव स्थित शराब के ठेके पर दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक पक्ष द्वारा जमकर लाठी-डंडों से पिटाई की जा रही है। इसी दौरान कुम्भापुर निवासी छोटू सिंह नामक युवक को डंडे से जोरदार प्रहार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। छोटू सिंह का साथी विनायक सिंह भी इस भिड़ंत में घायल हुआ था।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/T17Lrx7FyM8?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/T17Lrx7FyM8/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

साथी पर क्यों गहराया संदेह?
पुलिस के अनुसार, मृतक छोटू सिंह को उसका साथी विनायक सिंह ही साथ लेकर गया था। मारपीट की घटना के बावजूद विनायक सिंह ने पुलिस को गुमराह किया था। संदेह तब और बढ़ गया जब घायल विनायक सिंह को वाराणसी रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह चुपके से घर में जाकर सो गया। पुलिस अब विनायक सिंह के मोबाइल के कॉल डिटेल की जांच कर रही है और उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ कर रही है।

वीडियो वायरल होने पर सक्रिय हुई पुलिस
परिजनों द्वारा मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सामने आने पर सीओ सदर की प्राथमिक जांच में छह लोगों के खिलाफ तत्काल हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में कुल छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है और मृतक के साथी सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।