नीट परीक्षा को लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम; गड़बड़ी करने वालों पर सीधे दर्ज होगी FIR और लगेगी रासुका
चंदौली में 21 जून को होने वाली NEET (UG) परीक्षा को लेकर डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने कलेक्ट्रेट में अहम बैठक की। जिले के 4 केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों पर रासुका लगाने की सख्त चेतावनी दी गई है।
21 जून को दोपहर 2:00 से 5:15 बजे तक होगी नीट परीक्षा
सुरक्षा के लिए सभी केंद्रों पर तैनात रहेंगे स्टैटिक मजिस्ट्रेट
परीक्षा के दौरान बंद रहेंगी आस-पास की फोटोकॉपी दुकानें
भीषण गर्मी को देखते हुए बिजली-पानी के पुख्ता इंतजाम
गड़बड़ी करने वाले अराजक तत्वों पर लगेगी रासुका (NSA)
चंदौली जिले में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा यानी NEET (UG) 2026 को पूरी तरह से निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए जिला प्रशासन कमर कस चुका है। इस सिलसिले में आज 19 जून, 2026 को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में डीएम ने साफ कर दिया कि परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं होगा।
आगामी 21 जून, 2026 को दोपहर 02:00 बजे से शाम 05:15 बजे तक आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए कड़े सुरक्षा घेरे तैयार किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पैनी नजर रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू रहेगी और परीक्षा के समय फोटोकॉपी की दुकानें पूरी तरह बंद रखी जाएंगी।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के ये 4 विद्यालय बने केंद्र
चंदौली जनपद में इस बार नीट परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (पीडीडीयू नगर) में 4 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जो इस प्रकार हैं:
पूर्व मध्य रेलवे इण्टर कालेज, पं० दीनदयाल उपाध्याय नगर, चन्दौली।
नगर पालिका इण्टर कालेज, पं० दीनदयाल उपाध्याय नगर, चन्दौली।
पीएम श्री केन्द्र विद्यालय, पं० दीनदयाल उपाध्याय नगर (ब्लाक-ब)।
पीएम श्री केन्द्र विद्यालय, पं० दीनदयाल उपाध्याय नगर (ब्लाक-अ)।
इन सभी केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ या किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक व संदिग्ध सामग्री ले जाना पूरी तरह से बैन रहेगा। सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।
भीषण गर्मी को देखते हुए विशेष सुविधाएं और अलर्ट
जिलाधिकारी ने सुरक्षा के साथ-साथ अभ्यर्थियों की सहूलियत का भी विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया है। वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए सभी 4 परीक्षा केंद्रों पर शुद्ध और ठंडे पीने के पानी, बैठने की समुचित व्यवस्था और बिना किसी कटौती के निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इसके अलावा, अभ्यर्थियों को समय से केंद्र तक पहुंचने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए यातायात पुलिस को विशेष रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपातकालीन या आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और मेडिकल एम्बुलेंस की सेवाएं पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहेंगी।
गड़बड़ी करने वालों पर सीधे रासुका की कार्रवाई
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। यदि किसी भी अराजक तत्व ने परीक्षा की गरिमा और शुचिता को प्रभावित करने या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ सीधे एफआईआर (FIR) दर्ज कर रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) जैसी कठोरतम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS), सभी चारों केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक और अन्य संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।