नए आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूकता अभियान ने पकड़ा जोर, सभी थानों पर चला व्यापक अभियान

जागरूकता को प्रभावी बनाने के लिए सार्वजनिक स्थानों जैसे प्रमुख चौराहों, बस अड्डों, बाजारों, विद्यालयों और महाविद्यालयों में बड़े पैमाने पर बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स लगाए गए।
 

DGP के निर्देश पर चंदौली में शुरू हुआ 'जागरूकता अभियान 2.0'

आमजन को बताए गए नए आपराधिक कानून

नुक्कड़ नाटक और प्रतियोगिताओं के जरिए फैलाए जा रहे विधिक चेतना के संदेश

उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देशन पर पूरे प्रदेश में "नये आपराधिक कानूनों के प्रति जागरुकता अभियान- 2.0" चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, जनपद चन्दौली के समस्त थानों द्वारा आमजन और छात्र/छात्राओं को नए आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूक करने के लिए एक व्यापक अभियान चलाया गया।

इस महत्वपूर्ण अभियान का पर्यवेक्षण वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक पीयूष मोर्डिया, वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण और चन्दौली के पुलिस अधीक्षक आदित्य लाग्हें द्वारा किया जा रहा है।

कानूनों की जानकारी सरल भाषा में दी गयी

इस अभियान का मुख्य लक्ष्य आम जनता को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) जैसे नए आपराधिक कानूनों से परिचित कराना है। पुलिसकर्मियों द्वारा आमजन/छात्र/छात्राओं को सरल भाषा में नए कानूनों की प्रमुख धाराओं और उनके महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

बैनर, पोस्टर, होर्डिंग्स से हुआ व्यापक प्रचार

जागरूकता को प्रभावी बनाने के लिए सार्वजनिक स्थानों जैसे प्रमुख चौराहों, बस अड्डों, बाजारों, विद्यालयों और महाविद्यालयों में बड़े पैमाने पर बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स लगाए गए। आमजनमानस में अधिक से अधिक जागरूकता लाने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया। इन नुक्कड़ नाटकों में कलाकारों ने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि नए कानून किस प्रकार नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करते हैं और अपराध नियंत्रण में सहायक हैं।

नए कानून अपराध नियंत्रण में हैं सहायक

विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विद्यालयों और महाविद्यालयों में विशेष आयोजन किए गए। इनमें वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता और पेंटिंग/पोस्टर प्रतियोगिताएं शामिल थीं। इन प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यार्थियों ने नए कानूनों की जानकारी पर अपने विचार प्रस्तुत किए और समाज में विधिक चेतना फैलाने का संदेश दिया। अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक सदर, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और समस्त क्षेत्राधिकारियों ने भी कुशल नेतृत्व प्रदान किया।