बरठा गाँव में 'उत्तरापथ अमृत वन वाटिका' का भव्य लोकार्पण, अब पुराने तालाब की जगह दिखेगा हाईटेक गार्डन

सदर ब्लॉक के बरठा गाँव में एक पुराने तालाब को आधुनिक 'उत्तरापथ अमृत वन वाटिका' के रूप में नया जीवन मिला है। प्रभारी मंत्री संजीव गोंड और सांसद दर्शना सिंह ने इस सरोवर का उद्घाटन किया, जहाँ अब वॉकिंग ट्रैक, हरियाली और बेंच जैसी सुविधाएं ग्रामीणों व सैलानियों का स्वागत करेंगी।

 

बरठा में उत्तरापथ अमृत वन वाटिका का लोकार्पण

अमृत सरोवर मिशन से जल संरक्षण को बढ़ावा

एनएच किनारे विकसित हुआ नया पर्यटन स्थल

तालाब किनारे वॉकिंग ट्रैक और हाईटेक सुविधाएं

पर्यावरण संरक्षण हेतु गणमान्यों द्वारा पौधरोपण

चंदौली जनपद के विकास खंड सदर अंतर्गत ग्राम बरठा में पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण सौंदर्यीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। यहाँ एक पुराने प्राकृतिक तालाब का कायाकल्प कर उसे आधुनिक 'उत्तरापथ अमृत वन वाटिका' और अमृत सरोवर के रूप में विकसित किया गया है। सोमवार को उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री श्री संजीव कुमार गोंड एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती दर्शना सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस वाटिका का लोकार्पण किया।

पर्यटन और मनोरंजन का बनेगा केंद्र
लोकार्पण समारोह के दौरान प्रभारी मंत्री संजीव गोंड ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए तालाबों का पुनरुद्धार किया जा रहा है। बरठा का यह सरोवर अब केवल जल संचयन का माध्यम नहीं रहेगा, बल्कि ग्रामीणों के मनोरंजन और भ्रमण के लिए एक सुंदर पार्क के रूप में भी जाना जाएगा। उन्होंने बताया कि नेशनल हाईवे (NH) के नजदीक होने के कारण दिल्ली से बंगाल और बिहार जाने वाले पर्यटकों के लिए भी यह एक बेहतरीन विश्राम और पर्यटन स्थल साबित होगा।

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हुई वाटिका
अमृत सरोवर मिशन के तहत इस तालाब के चारों ओर बेहतरीन बुनियादी ढाँचे का विकास किया गया है। वाटिका के भीतर वॉकिंग ट्रैक, बैठने के लिए बेंच, चारों तरफ हरियाली, सुलभ शौचालय और हाईटेक टिन शेड लगाए गए हैं। सांसद दर्शना सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह परियोजना स्वच्छता, सतत विकास और पर्यावरण के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। इससे न केवल गाँव की सुंदरता बढ़ेगी बल्कि वर्षा जल संचयन के माध्यम से भूजल स्तर में भी सुधार होगा।

प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह सहित कई अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उपस्थित सभी गणमान्यों ने वाटिका परिसर में पौधरोपण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि इस सरोवर के रखरखाव का उचित प्रबंधन किया जाए ताकि यह भविष्य में भी क्षेत्र की पहचान बना रहे। बरठा गाँव के निवासी अपने बीच इतने भव्य गार्डन और सरोवर के निर्माण से अत्यंत उत्साहित नज़र आए।