ARTO दफ्तर में DM का छापा: धूल फांकती फाइलें देख भड़के चंद्र मोहन गर्ग, गैरहाजिर स्टाफ का वेतन रोका

 

चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने एआरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिली भारी अव्यवस्था, धूल जमी फाइलों और अनुपस्थित कर्मचारियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए वेतन रोकने व शो-कॉज नोटिस का आदेश दिया।

 
 

चंदौली एआरटीओ कार्यालय पर डीएम का छापा

गैरहाजिर तीन कर्मचारियों का वेतन बाधित

धूल फांकती फाइलों पर भड़के जिलाधिकारी

आम जनता से दलालों पर लिया फीडबैक

जनसुविधाएं और साफ-सफाई दुरुस्त करने के निर्देश

चंदौली जिले के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शनिवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) कार्यालय का अचानक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक एआरटीओ दफ्तर पहुंचने से वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में कई गंभीर खामियां और कर्मचारियों की अनुपस्थिति पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने तुरंत कड़ा एक्शन लिया।

चंदौली एआरटीओ कार्यालय पर डीएम का छापा
गैरहाजिर तीन कर्मचारियों का वेतन बाधित
धूल फांकती फाइलों पर भड़के जिलाधिकारी#chandauli #chandaulinews #chandaulisamachar #Chandaulilive #चंदौलीसमाचार #चंदौली #चंदौलीन्यूज @dmchandauli pic.twitter.com/4bZcdb2GHD

— Chandauli Samachar (@chandaulinews) August 29, 2026


गैरहाजिर कर्मचारियों को  कारण बताओ नोटिस जारी
निरीक्षण के दौरान तीन कर्मचारी, एआरटीओ तथा पीआरओ अधिकारी व कर्मचारी अपने सीट से गायब मिले। इस अनुशासनहीनता और लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने अनुपस्थित कर्मियों का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज) जारी करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए।

धूल जमती फाइलों पर बिफरे डीएम
कार्यालय परिसर की जांच करते समय जिलाधिकारी ने विभिन्न पत्रावलियों और सरकारी अभिलेखों का गहनता से अवलोकन किया। अलमारियों और मेज पर रखी फाइलों पर धूल जमी देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को कड़ी हिदायत दी कि शासकीय पत्रावलियों का सुव्यवस्थित ढंग से रखरखाव किया जाए, क्योंकि पत्रावलियों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।

दलालों पर जनता से लिया फीडबैक
कार्यालय परिसर में अपने काम के सिलसिले में आए आम नागरिकों से भी जिलाधिकारी ने सीधे बातचीत की। उन्होंने लोगों से दलालों के हस्तक्षेप या काम में होने वाली अनावश्यक देरी के बारे में फीडबैक लिया। अधिकारियों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यह विभाग सीधे आम जनता से जुड़ा है, इसलिए पारदर्शिता और त्वरित सेवा होनी चाहिए। अंत में उन्होंने परिसर में साफ-सफाई, पीने के शुद्ध पानी और आवेदकों के बैठने की व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।