चंदौली की छात्राओं के लिए ई-ट्राईसाइकिल योजना शुरू, हर विधानसभा में 20 को मिलेगा लाभ

 

चंदौली में पढ़ाई करने वाली दिव्यांग छात्राओं के लिए मुफ्त ई-ट्राईसाइकिल योजना के तहत आवेदन शुरू हो गए हैं। योजना के अंतर्गत जिले की प्रत्येक विधानसभा में 20-20 छात्राओं को प्रति ई-ट्राईसाइकिल 65 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा।

 
 

चंदौली में दिव्यांग छात्राओं को ई-ट्राईसाइकिल

प्रत्येक विधानसभा में 20 छात्राओं को लाभ

65 हजार रुपये का अधिकतम अनुदान

16 वर्ष से अधिक आयु जरूरी

ऑनलाइन आवेदन के बाद जमा करें हार्डकॉपी

चंदौली जिले में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा स्कूल-कॉलेज जाने वाली और शिक्षण-प्रशिक्षण प्राप्त कर रही दिव्यांग छात्राओं को वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत ई-ट्राईसाइकिल दी जानी है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रत्नेश सिंह ने बताया कि जनपद चंदौली के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 20-20 दिव्यांग छात्राओं को यह सुविधा मिलेगी। इस योजना का मुख्य उद्देश्य ऐसी छात्राओं को सुगम आवागमन की सुविधा देकर उनके शैक्षिक पुनर्वासन में मदद करना है।

प्रति ई-ट्राईसाइकिल मिलेगा 65 हजार का अनुदान
इस योजना के अंतर्गत सरकार की ओर से प्रति ई-ट्राईसाइकिल अधिकतम 65 हजार रुपये तक की अनुदान धनराशि दी जाएगी। इससे स्कूल, कॉलेज, लैब, लाइब्रेरी या हॉस्टल आने-जाने में छात्राओं को दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। योजना का लाभ लेने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) द्वारा निर्गत दिव्यांगता प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है।

पात्रता और जरूरी शर्तें
योजना का लाभ केवल उन्हीं दिव्यांग छात्राओं को मिलेगा जिनकी आयु 16 वर्ष या उससे अधिक हो और वे आयकर दाता न हों। आवेदक की दृष्टि और मानसिक स्थिति अच्छी होनी चाहिए, तथा शरीर का ऊपरी हिस्सा स्वस्थ होना चाहिए ताकि वे हाथों से उपकरण चला सकें। इसके अलावा बीते 5 वर्षों में किसी भी सरकारी या अन्य अनुदानित स्रोत से ई-ट्राईसाइकिल का लाभ न लिया गया हो।

आवेदन कैसे करें और जरूरी दस्तावेज
इच्छुक और पात्र छात्राएं आधिकारिक वेबपोर्टल [https://hwd.uphq.in/](https://hwd.uphq.in/) पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद उसकी हार्डकॉपी के साथ संस्थान का अध्ययनरत प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, दिव्यांगता दर्शाती 2 फोटो और मोबाइल नंबर संलग्न कर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, बिछियांकला (चंदौली) में जमा करना होगा।