चंदौली में अवैध गैस रिफिलिंग गिरोह का भंडाफोड़: नमन जनरल स्टोर से 250 गैस पासबुक बरामद,  दुकान सील करने की तैयारी

 

चंदौली प्रशासन ने सैयदराजा में छापेमारी कर अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी के बड़े खेल का पर्दाफाश किया है। नमन जनरल स्टोर से 250 उपभोक्ताओं की पासबुक जब्त की गई हैं। पूरी खबर पढ़ें और जानें कैसे हो रहा था यह फर्जीवाड़ा।

 
 

सैयदराजा कस्बे में प्रशासन की बड़ी छापेमारी

नमन जनरल स्टोर से 250 पासबुक बरामद

गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी का खुलासा

आपूर्ति विभाग के साथ विधिक कार्रवाई शुरू

धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज करने की तैयारी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत चंदौली जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को जिले में अवैध एलपीजी गैस सिलेंडर भंडारण और रिफिलिंग के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में सैयदराजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली। प्रशासन ने एक नामचीन जनरल स्टोर पर छापेमारी कर गैस की कालाबाजारी के बड़े नेटवर्क को उजागर किया है।

सैयदराजा कस्बे में पुलिस की औचक छापेमारी
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देशों के बाद सदर क्षेत्राधिकारी (CO) देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सैयदराजा कस्बे में स्थित नमन जनरल स्टोर पर अचानक छापा मारा। यह दुकान गैस चूल्हा रिपेयरिंग और जनरल स्टोर के नाम पर संचालित हो रही थी। पुलिस की इस औचक कार्रवाई से पूरे बाजार में हड़कंप मच गया और कई अन्य अवैध कारोबारी दुकानें बंद कर फरार हो गए।

भारी मात्रा में उपभोक्ताओं की पासबुक जब्त
दुकान के भीतर सघन तलाशी के दौरान पुलिस टीम के होश उड़ गए। वहां से लगभग 250 गैस उपभोक्ताओं की पासबुक और रिफिलिंग से जुड़े कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, इन पासबुक का उपयोग अवैध रूप से गैस सिलेंडरों के उठान, भंडारण और फिर ऊंची कीमतों पर रिफिलिंग के लिए किया जा रहा था। इस कृत्रिम किल्लत की वजह से आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पा रही थी।

जमाखोरों पर केस दर्ज करने की तैयारी
सदर क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि इस पूरे मामले की जानकारी तत्काल आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित दुकानदार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420 (धोखाधड़ी) और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

प्रशासन की चेतावनी: नहीं बचेंगे कालाबाजारी करने वाले
छापेमारी के दौरान सैयदराजा थाना प्रभारी अशोक मिश्रा और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। प्रशासन ने कड़ा संदेश दिया है कि जिले में कहीं भी गैस की अवैध रिफिलिंग या जमाखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी औचक छापेमारी जारी रहेगी, ताकि आम जनता को उनके हक की रसोई गैस सही दाम और समय पर मिल सके।