चंदौली में दर्दनाक सड़क हादसे में मां के सामने बुझ गया बुढ़ापे का इकलौता चिराग
चंदौली के सदर कोतवाली क्षेत्र में एनएच-19 सर्विस रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार अभिषेक तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही हैं।
सदर कोतवाली के विकल्प हॉस्पिटल के सामने हुआ हादसा
अज्ञात वाहन की भीषण टक्कर से बाइक के उड़े परखच्चे
जसुरी गांव के 22 वर्षीय अभिषेक तिवारी की दर्दनाक मौत
मां मनोरमा देवी की हालत बेहद नाजुक, जिला अस्पताल में भर्ती
टक्कर मारकर भागे अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
चंदौली के सदर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को एक ऐसी दर्दनाक घटना घटी, जिसने पूरे इलाके के लोगों का कलेजा कंपा दिया। एनएच-19 के सर्विस रोड पर स्थित विकल्प हॉस्पिटल के सामने एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन काल बनकर आया और एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पल भर में छीन ली। इस भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक 22 साल के नौजवान की तड़प-तड़प कर मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के वक्त हाईवे के आसपास चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, जसुरी गांव के रहने वाले अभिषेक तिवारी (22 वर्ष) अपनी मां मनोरमा देवी (55 वर्ष) को बाइक पर बैठाकर किसी काम से चंदौली की तरफ जा रहे थे। वे जैसे ही अस्पताल के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक कि मौके पर ही थम गईं सांसें
चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार मां-बेटे उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में अभिषेक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर सड़क पर तड़पने लगा, वहीं उसकी मां भी दर्द से कराहने लगीं। स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को फोन घुमाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
लेकिन अफसोस, जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद 22 वर्षीय अभिषेक तिवारी को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया था। वहीं उसकी मां मनोरमा देवी का इलाज अभी अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत भी बेहद नाजुक बनी हुई है और उन्हें लगातार एक्सपर्ट डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
इकलौते बेटे की मौत से मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल, जांच में जुटी पुलिस
अभिषेक की मौत की खबर जैसे ही उसके गांव जसुरी पहुंची, पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया और परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजनों ने बताया कि अभिषेक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह न सिर्फ अपने बूढ़े मां-बाप की लाठी का सहारा था, बल्कि पूरे परिवार की उम्मीदें भी उसी से टिकी थीं। उसके इस तरह अचानक चले जाने से माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इधर, सदर कोतवाली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मृतक अभिषेक के शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस टीम अब उस बेरहम गाड़ी वाले की तलाश में जुट गई है जो टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस हाइवे और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि गाड़ी के नंबर और ड्राइवर की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलते ही आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।