नेशनल कोबुडो चैंपियनशिप में चंदौली का डंका, 21 पदक जीतकर खिलाड़ियों ने रचा इतिहास

 

लखनऊ में आयोजित तृतीय नेशनल कोबुडो मार्शल आर्ट्स प्रतियोगिता में चंदौली के 13 जांबाज खिलाड़ियों ने 21 पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। लवली मौर्या के गोल्ड मेडल और प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल के शानदार योगदान ने यूपी को चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई।

 
 

चंदौली के खिलाड़ियों ने जीते 21 पदक

लवली मौर्या ने जीता गोल्ड मेडल

प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल का शानदार प्रदर्शन

एनआईएस कोच कुमार नन्दजी का कुशल नेतृत्व

उत्तर प्रदेश टीम को मिला प्रथम स्थान

लखनऊ/चंदौली: लखनऊ के एसएनआई स्पोर्ट्स सेंटर में आयोजित तृतीय नेशनल कोबुडो मार्शल आर्ट्स प्रतियोगिता में चंदौली के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। 31 जनवरी से 1 फरवरी तक चली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जनपद के 13 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और कुल 21 पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया। इन खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत उत्तर प्रदेश की टीम ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

विजेता खिलाड़ियों की पदक तालिका
जनपद के खिलाड़ियों ने सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर तीनों वर्गों में पदक जीते। सीनियर वर्ग में लवली मौर्या ने शानदार खेल दिखाते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं शालिनी जायसवाल ने फाइट और काता दोनों स्पर्धाओं में सिल्वर मेडल जीते। सूरज कुमार ने फाइट में ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में ईशान यादव ने सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया।

सब-जूनियर वर्ग में कान्हा, नूरहसन और अंजली दुबे ने सिल्वर मेडल जीते, जबकि आयुष यादव, आर्या सिंह, किमैरा शर्मा, अजमत अली, दिव्यांश मिश्रा और सूर्यांश श्रीवास्तव ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपनी श्रेणियों में मजबूती दर्ज की।

कोच और शिक्षण संस्थानों का योगदान
चंदौली कोबुडो मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन के जिला महासचिव व एनआईएस कोच कुमार नन्दजी ने बताया कि इन 13 खिलाड़ियों ने प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व किया था। नन्दजी ने न केवल टीम को कोचिंग दी, बल्कि प्रतियोगिता में जज की अहम भूमिका भी निभाई। इस सफलता में प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ियों का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने अकेले 7 पदक जीतकर यूपी की जीत सुनिश्चित की।

इस उपलब्धि पर जिले के खेल प्रेमियों और समाजसेवियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी है। खिलाड़ियों की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन मिले तो जनपद की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर चमक सकती हैं।