शराबियों और उपद्रवियों पर चंदौली पुलिस की सख्त कार्रवाई, 74 शराबियों के खिलाफ कार्रवाई 

पुलिस का कहना है कि यह केवल दंडात्मक अभियान नहीं है, बल्कि लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
 

74 शराबियों पर एक साथ कार्रवाई

सभी थाना क्षेत्रों में दी गई दबिश

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी शिकंजा

चंदौली जिले के शराब की दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर नशेबाजी करने वालों के खिलाफ चंदौली पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 74 शराबियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की।

यह अभियान वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक श्री पीयूष मोर्डिया और पुलिस उपमहानिरीक्षक परिक्षेत्र वाराणसी श्री वैभव कृष्ण के निर्देश पर चलाया गया। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे और अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर (आईपीएस) के नेतृत्व में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग की गई।

पुलिस ने बताया कि कार्रवाई का दायरा सिर्फ शराबियों तक ही सीमित नहीं रहा। सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने, जुआ खेलने, स्टंटबाजी करने, छेड़खानी करने और अवैध अतिक्रमण करने वालों को भी चिह्नित कर कानूनी कार्रवाई की गई। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वालों को पकड़कर चालान काटे गए।

पुलिस ने शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों की संवेदनशील जगहों पर विशेष निगरानी रखी। पुलिस का कहना है कि यह केवल दंडात्मक अभियान नहीं है, बल्कि लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। पुलिस टीम ने शराबियों को समझाया कि शराब और नशे का सेवन न केवल आर्थिक और शारीरिक नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और सामाजिक प्रतिष्ठा पर भी प्रतिकूल असर डालता है।

जनपदीय पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशेबाजी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।