चंदौली पुलिस महकमे में अब सिपाहियों का तबादला: ADG ने जारी की हेड कांस्टेबल्स की तबादला सूची, जून के पहले हफ्ते में होगी रवानगी

 

वाराणसी जोन के एडीजी पीयूष मोर्डिया ने ग्रीष्मकालीन स्थानांतरण व्यवस्था-2026 के तहत मुख्य आरक्षियों के तबादले की सूची जारी की है। इसके तहत चंदौली जिले से बड़ी संख्या में हेड कांस्टेबल्स को बलिया और आजमगढ़ भेजा गया है।

 
 

एडीजी पीयूष मोर्डिया ने जारी किया आदेश

चंदौली से आजमगढ़-बलिया गए मुख्य आरक्षी

5 जून तक रिलीव होने के निर्देश

ग्रीष्मकालीन स्थानांतरण व्यवस्था 2026 लागू हुई

6 जून को नए जिले में जॉइनिंग

वाराणसी परिक्षेत्र के अंतर्गत कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और प्रशासनिक गतिशीलता बनाए रखने के उद्देश्य से वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) पीयूष मोर्डिया ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। ग्रीष्मकालीन स्थानांतरण व्यवस्था-2026 के तहत जोन के विभिन्न जनपदों में निर्धारित समयावधि पूर्ण करने वाले मुख्य आरक्षियों (नागरिक पुलिस) का स्थानांतरण दूसरे जिलों में कर दिया गया है। 26 मई 2026 को जारी इस आदेश ने चंदौली समेत पूरे वाराणसी जोन के पुलिस महकमे में हलचल तेज कर दी है।

जिले से बड़ी संख्या में होगी सिपाहियों की रवानगी 
इस स्थानांतरण सूची में चंदौली जनपद में अपनी सेवा दे रहे कई प्रमुख मुख्य आरक्षियों के नाम शामिल हैं। आदेश के अनुसार, चंदौली जिले से बड़ी संख्या में कर्मियों को बलिया और आजमगढ़ जनपदों में स्थानांतरित किया गया है। चंदौली से आजमगढ़ भेजे गए आरक्षियों में प्रमुख रूप से महेश कुमार, संजय, श्याम सुंदर यादव, पंकज कुमार सिंह, अमित कुमार खरवार, संजय यादव, महेंद्र कुमार, राहुल सिंह, धर्मेंद्र कुमार गौड़, गोविंद तिवारी, खुर्शीद आलम, रवि प्रकाश सिंह, दिनेश कुमार सिंह और पवन कुमार अकेला शामिल हैं।

वहीं, बलिया जिले में नई जिम्मेदारी संभालने के लिए चंदौली से मिथलेश मिश्र, दीपक कुमार, सुजीत कुमार सिंह, देवेंद्र कुमार यादव, चन्द्रमा कुमार, बृजेश कुमार चौबे, दीपक कुमार सिंह, बलवंत सिंह, ज्ञानप्रकाश गुप्ता, अरुण कुमार यादव, अजय कुमार और कपिल प्रसाद जैसे अनुभवी कर्मियों को भेजा गया है।

चंदौली में आएंगे इन जगहों से नए पुलिसकर्मी 
 स्थानांतरण की इस प्रक्रिया में केवल चंदौली से रवानगी ही नहीं हुई है, बल्कि नए पुलिसकर्मी जिले में आमद भी देंगे। सूची के अनुसार, आजमगढ़ से दिलीप कुमार सिंह का स्थानांतरण चंदौली जनपद के लिए किया गया है। इसके अलावा, बलिया के रहने वाले प्रमोद कुमार सिंह, जो वर्तमान में चंदौली में ही तैनात हैं, उन्हें उनकी सेवानिवृत्ति तिथि (31 मई 2027) और व्यक्तिगत अनुरोध के दृष्टिगत चंदौली जनपद में ही बनाए रखा गया है।

प्रशासनिक समय सीमा के भीतर होगी रवानगी
एडीजी वाराणसी जोन ने इस आदेश को कड़ाई से लागू करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के अनुसार, स्थानांतरित किए गए सभी कर्मियों को वर्तमान जनपद से कार्यमुक्त (रिलीव) करने की तिथि 5 जून 2026 नियत की गई है। इसके उपरांत, सभी कर्मियों को 6 जून 2026 को अपने आवंटित नए जनपदों में अनिवार्य रूप से आमद दर्ज करानी होगी। सभी जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे समयबद्ध तरीके से अनुपालन सुनिश्चित करें और इसकी रिपोर्ट क्षेत्रीय कार्यालय को प्रेषित करें।

महकमे में व्यवस्था सुधार की मंशा 
यह स्थानांतरण नीति मुख्य रूप से उन कर्मियों पर केंद्रित है जिन्होंने एक जनपद में अपनी निर्धारित सेवा अवधि पूरी कर ली है। प्रशासनिक दृष्टि से यह कदम रूटीन प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में तबादलों से थानों और पुलिस चौकियों की आंतरिक कार्यप्रणाली में बदलाव देखने को मिल सकता है। चंदौली जिले से होने वाले इन तबादलों का उद्देश्य क्षेत्रीय स्तर पर पुलिस की कार्यक्षमता को बढ़ाना और अनुभव का संतुलित वितरण करना है।