अंतरराज्यीय समन्वय बैठक सम्पन्न: विधानसभा चुनाव को लेकर चंदौली और कैमूर पुलिस सतर्क

बुधवार को पुलिस लाइन चंदौली के नवीन सभागार में पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे और पुलिस अधीक्षक कैमूर (बिहार) हरि मोहन शुक्ल की संयुक्त अध्यक्षता में अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।
 

चंदौली पुलिस लाइन में अंतरराज्यीय बैठक का आयोजन

एसपी आदित्य लांग्हे और एसपी हरि मोहन शुक्ल की संयुक्त अध्यक्षता

चुनाव के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की रणनीति पर जोर

24x7 निगरानी वाले चेक पोस्टों की संख्या बढ़ाने के निर्देश

चंदौली जिले में आगामी बिहार विधानसभा चुनाव-2025 को देखते हुए चंदौली और बिहार के कैमूर जिले की पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए संयुक्त रणनीति तैयार कर ली है। बुधवार को पुलिस लाइन चंदौली के नवीन सभागार में पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे और पुलिस अधीक्षक कैमूर (बिहार) हरि मोहन शुक्ल की संयुक्त अध्यक्षता में अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।

आपको बता दें कि बैठक में चंदौली जनपद के सभी सीमावर्ती थानों के प्रभारी, क्षेत्राधिकारीगण और बिहार के संबंधित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान चुनाव अवधि के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने, अवैध शराब, मादक पदार्थों और शस्त्रों की तस्करी पर नियंत्रण, और आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने हेतु विस्तृत चर्चा हुई।

एसपी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे और हरि मोहन शुक्ल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि:

  1.     अंतरराज्यीय चेक पोस्टों पर 24 घंटे सतर्क निगरानी सुनिश्चित की जाए।
  2.     सीमावर्ती गांवों में सघन तलाशी व चेकिंग अभियान चलाया जाए।
  3.     हिस्ट्रीशीटरों, तस्करों व सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
  4.     अवैध शराब, शस्त्र, नकदी और मादक पदार्थों की तस्करी पर संयुक्त कार्यवाही की जाए।
  5.     खुफिया सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान किया जाए।
  6.     संयुक्त पेट्रोलिंग और फ्लैग मार्च की योजना प्रभावी रूप से लागू की जाए।
  7.     वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु एक माह का विशेष अभियान चलाया जाए।

साझा अभियान चलाने पर बनी सहमति

बैठक में यह सहमति बनी कि दोनों जनपदों की पुलिस आपसी समन्वय के साथ साझा अभियान चलाएंगी, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अवैध गतिविधियों पर कड़ा नियंत्रण रखा जा सके। खास तौर पर अवैध शराब की तस्करी पर सख्ती से रोक लगाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित

इस महत्वपूर्ण बैठक में अनन्त चन्द्रशेखर (अपर पुलिस अधीक्षक सदर), दिगम्बर कुशवाहा (अपर पुलिस अधीक्षक अपराध), नामेन्द्र कुमार (क्षेत्राधिकारी नौगढ़), देवेंद्र कुमार (क्षेत्राधिकारी सदर), रघुराज (क्षेत्राधिकारी चकिया) के साथ बिहार राज्य के कई अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार, चंदौली और कैमूर पुलिस अब सीमावर्ती क्षेत्रों में और अधिक सक्रियता से संयुक्त कार्रवाई करेंगी, जिससे कि आगामी चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।